लीबिया की राजनीति में गद्दाफी का बेटा निभाए सक्रिय भूमिका: रूस
विद्रोह से पहले सैफ को गद्दाफी का संभावित सुधारवादी उत्तराधिकारी माना जाता था।
मॉस्को, रायटर । रूस ने कहा है कि लीबिया के पूर्व राष्ट्रपति मुअम्मर अल-गद्दाफी के बेटे सैफ-अल-इस्लाम को देश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। पश्चिमी देश और संयुक्त राष्ट्र लीबिया के सियासी हुक्मरानों पर अगले साल आम चुनाव कराने का दबाव बना रहे हैं ताकि तेल उत्पादक इस देश में सात साल से जारी संघर्ष को खत्म कराया जा सके।
सैफ के पिता गद्दाफी को 2011 में विद्रोह के बाद सत्ता से बेदखल कर दिया गया था। उसी साल उनकी हत्या कर दी गई थी। विद्रोह से पहले सैफ को गद्दाफी का संभावित सुधारवादी उत्तराधिकारी माना जाता था।
रूस के उप विदेश मंत्री मिखाइल बोगदानोव ने सोमवार को कहा, 'लीबिया में हम सभी राजनीतिक धड़ों का समर्थन करते हैं। हमारा मानना है कि किसी को भी रचनात्मक राजनीतिक भूमिका से अलग नहीं रखना चाहिए। इसी के चलते हम लीबिया में सभी के संपर्क में हैं।'
इस महीने की शुरुआत में सैफ के प्रतिनिधि ने रूस को एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने भविष्य की लीबियाई राजनीति पर अपने विचार व्यक्त किए थे। सैफ लगातार रूस के संपर्क में बने हुए हैं। उन्हें लीबिया के एक प्रभावशाली कबीले का समर्थन भी प्राप्त है।