France Knife Attack: फ्रांस में चर्च के बाहर तीन लोगों की चाकू मारकर हत्या, मेयर ने बताया- आतंकी हमला
France Knife Attack फ्रांसीसी पुलिस के अनुसार दक्षिण फ्रांस के नीस शहर में कुछ लोगों पर चाकू से हमला किया गया। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य जख्मी हो गए। यह हमला चर्च के नजदीक किया गया।
पेरिस, रायटर। फ्रांस में एक आंतकी हमले की खबर है। फ्रांसीसी पुलिस के अनुसार दक्षिण फ्रांस के नीस शहर में कुछ लोगों पर चाकू से हमला किया गया। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य जख्मी हो गए। मृत तीन लोगों में एक महिला भी है, जिसका आइएसआइएस की तरह चाकू से सिर कलम किया गया। यह हमला चर्च के बाहर किया गया है। नीस के मेयर ने इसे एक आतंकी हमला बताया है। घटना गुरुवार सुबह की है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावर को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तारी के दौरान उसके घायल होने के बाद उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
नीस के मेयर ने हमले को आतंकवाद की घटना से जोड़कर बताया है। मेयर क्रिश्चियन एस्ट्रोसी के अनुसार हमला शहर के नोट्रे डेम चर्च में या उसके आसपास हुआ। वहीं, फ्रांस के आतंकवाद निरोधक विभाग ने कहा कि उसे इस हमले के जांच की जिम्मेदारी दी गई है। घटनास्थल पर हथियारबंद जवानों ने चर्च को घेर लिया है। मौके पर एंबुलेंस और फायर सर्विस की गाड़ियां मौजूद हैं।
बता दें कि नीस, फ्रांस का वह शहर है जहां पर जुलाई 2016 में एक आतंकी ने फ्रांस के नेशनल डे के मौके पर कुछ लोगों पर ट्रक चढ़ा दिया था। उस हमले में 80 लोगों की मौत हो गई थी।
कुछ दिन पहले एक टीचर की कर दी गई थी हत्या
नीस शहर के चर्च में यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब फ्रांस अभी भी चेचन मूल के एक व्यक्ति द्वारा फ्रांसीसी मध्य कॉलेज के टीचर सैमुअल पैटी के इस महीने की शुरुआत में हत्या कर दी गई थी। पैटी की हत्या के मामले में अभी तक 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के रडार पर वे लोग भी हैं जिन्होंने पैटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभियान चलाया था। इन लोगों ने पैटी द्वारा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की पढ़ाई कराते समय पैगंबर मुहम्मद का कार्टून दिखाए जाने को गलत माना था।