फ्रांसीसी बलों को मिली बड़ी सफलता, माली में अलकायदा कमांडर समेत पांच आतंकियों को मार गिराया
सर्विलांस ड्रोन ने पूर्वी माली के मेनका क्षेत्र में मोउसा के ट्रक की पहचान करने में मदद की। इसके बाद हेलीकॉप्टरों और घटनास्थल पर भेजे गए 15 फ्रेंच कमांडो ने धावा बोला। ट्रक में सवार सभी पांच लोग मारे गए। उन लोगों ने फ्रांसीसी बलों पर गोलीबारी की।
पेरिस, एपी। फ्रांसीसी बलों और सैन्य हेलीकॉप्टरों ने माली में अलकायदा से जुड़े कमांडर समेत पांच आतंकियों को मार गिराया। फ्रांसीसी सेना ने शुक्रवार को इस आशय की घोषणा की। फ्रांसीसी सैन्य प्रवक्ता कर्नल फ्रेडरिक बारब्री ने शुक्रवार को बताया कि आपरेशन का लक्ष्य आरवीआइएम इस्लामिक कट्टरपंथी समूह बाह अग मोउसा था। मोउसा संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंध सूची में शामिल था और वह माली के लोगों और अंतरराष्ट्रीय बलों पर हुए कई हमलों के लिए जिम्मेदार माना जाता था।
ट्रक में सवार पांच दहशतगर्दों को मार डाला
सर्विलांस ड्रोन ने पूर्वी माली के मेनका क्षेत्र में मोउसा के ट्रक की पहचान करने में मदद की। इसके बाद हेलीकॉप्टरों और घटनास्थल पर भेजे गए 15 फ्रेंच कमांडो ने धावा बोला। ट्रक में सवार सभी पांच लोग मारे गए। फ्रेडरिक ने कहा कि उन लोगों ने चेतावनी फायर को नजरअंदाज करते हुए फ्रांसीसी बलों पर गोलीबारी की। उन्होंने कहा कि यह आत्मरक्षा में वैधानिक कदम था और शवों के साथ अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानूनों के अनुसार व्यवहार किया गया। माली में 2013 से ही हजारों फ्रांसीसी सैनिक तैनात हैं। ये सैनिक इस्लामिक स्टेट के आतंकियों के खिलाफ जंग लड़ रहे हैं।
पांच महीने अलकायदा कमांडर का मार डाला
करीब पांच महीने पहले फ्रांसीसी सैन्य बलों ने उत्तरी माली में अलकायदा इन इस्लामिक मगरिब (एएक्यूएमआइ) के प्रमुख अब्देलमलेक द्रोकदल को मार गिराया था। तब फ्रांस के रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली ने कहा था कि तीन जून को फ्रांसीसी सैन्य बलों ने उत्तरी माली में एक ऑपरेशन के दौरान एक्यूएमआइ के प्रमुख और उसके कई करीबी सहयोगियों को मार गिराया। माली में इस ऑपरेशन के दौरान इस्लामिक स्टेट ग्रुप के एक सीनियर कमांडर को दबोच लिया गया। यह आतंकवाद के खिलाफ हमारी बड़ी सफलता है और हमारे सैनिक इन आतंकियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रखेंगे।