फ्रांस में हिंसक हुआ छात्र आंदोलन, प्रदर्शन के दौरान ग्रेनेड फटने से 15 वर्षीय छात्र का उड़ा हाथ
फ्रांस में जेनजी छात्र आंदोलन हिंसक हो गया है, जहां उत्तरी फ्रांस के लेंस शहर में एक प्रदर्शन के दौरान ग्रेनेड फटने से 15 वर्षीय छात्र का हाथ उड़ गया।

फ्रांस में छात्र आंदोलन ने लिया हिंसक मोड़ (फोटो-रॉयटर्स)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, पेरिस। फ्रांस में जेनजी आंदोलन बढ़ता जा रहा है। हिंसा पर उतारू उग्र छात्रों के आगे पुलिस बेबस नजर आ रही है। उत्तरी फ्रांस में सोमवार को हाई स्कूल के प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें ग्रेनेड फटने से एक छात्र का हाथ उड़ गया। इस बीच, छात्रों ने मंगलवार को राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, एक 15 वर्षीय छात्र उस समय अपना हाथ गंवा बैठा, जब उसने पुलिस के ग्रेनेड को उठा लिया था। ग्रेनेड के धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मामले की जांच की जा रही है।
यह घटना लेंस शहर में हुई, जहां स्कूलों में विरोध-प्रदर्शन का यह दौर तीसरे सप्ताह में प्रवेश कर गया है। इधर, उत्तरी पेरिस के उपनगरों में छात्रों से मुलाकात के बाद शिक्षा मंत्री एडुआर्ड ग्रेफ्रे ने दावा किया कि विरोध प्रदर्शनों में छात्रों की भागीदारी में कमी आई है।
सरकार छात्रों की नाराजगी दूर करने के लिए एक प्लेटफॉर्म लान्च करेगी। इधर, अधिकार समूहों ने आरोप लगाया है कि पुलिस छात्रों के खिलाफ सख्त तरीके अपना रही है। फ्रांस में छात्र स्कूलों की खराब स्थिति और कर्मचारियों की कमी समेत बेहतर सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
(न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
