पेरिस की सड़कों पर फैला कूड़ा, फ्रांस में विरोध-प्रदर्शनों के दौरान देशभर में हिंसा और लूटपाट
फ्रांस में महंगाई और खराब सुविधाओं के खिलाफ हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद पेरिस की सड़कों पर कचरे का ...और पढ़ें

HighLights
लाखों लोगों ने महंगाई और खराब सुविधाओं के खिलाफ विरोध किया।
प्रदर्शनों के दौरान हिंसा, आगजनी और लूटपाट की घटनाएं हुईं।
पेरिस की सड़कें कचरे से पटीं, 1200 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। फ्रांस में पिछले कुछ दिनों से विरोध प्रदर्शन जारी है। शनिवार को हुए विरोध प्रदर्शन के बाद सड़कों पर हर तरफ कचरा-ही-कचरा दिखाई दे रहा। इस प्रदर्शन में पांच लाख से ज्यादा लोगों ने अपने गुस्से का इजहार किया। वहीं 1200 प्रदर्शकारियों को गिरफ्तार किया गया।
फ्रांस में लोग स्कूलों की खराब हालत, बढ़ती महंगाई और सड़कों के खस्ताहाल होने की वजह से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। शनिवार को हुए प्रदर्शन में लाखों लोग सड़क पर उतरे। इस दौरान कई जगहों से हिंसा और आगजनी के साथ-साथ लूटपाट की खबरें सामने आईं। इसके बाद सड़के कचरे से पटी रहीं। लोग आते जाते इनका वीडियो बनाते दिखे। हर तरफ पानी की बोतल, खाने के पैकेट और प्रदर्शनकारियों के कई छोड़े हुए सामान दिख रहे हैं।
दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा
विरोध प्रदर्शन के दौरान 150 पुलिस अधिकारी भी घायल हो गए। पेरिस में सुबह से शुरू हुए प्रदर्शन में लोग दोपहर तक शांत दिखे फिर शाम को पुलिस से झड़प की खबरें सामने आईं। पुलिस ने लोगों को सड़कों से हटाने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान लोगों ने कई जगहों पर आगजनी की, जिसमें वहां के प्रसिद्ध टाउन हॉल में भी आग लगने की घटना सामने आई। इस पर राष्ट्रपति मैक्रों ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
कहां-कहां हुई बर्बादी
लिमोज में टाउन हॉल में आग लगने से उसकी छत का हिस्सा गिर गया। उसके मुख्य ढांचे को भी काफी नुकसान हुआ है। ग्रेनोबल, एविग्नन, पो, मोंटपेलियर और वैलेंस में भी इमारतों में काफी तोड़-फोड़ की गई है।
लूटपाट का वीडियो वायरल
पेरिस में खाने-पीने की दुकान में तोड़फोड़ के बाद लूटपाट का वीडियो सामने आया है। लिले में एप्पल स्टोर में ताला तोड़ दिया गया, जिसके बाद वहां पर भी लोगों ने सामान लूट लिया। फ्रांस के गृह मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार पेरिस और मार्सिले, रेनेस और टूलूज में कुछ नकाबपोश लोगों ने हिंसा को अंजाम दिया। हिंसा के बाद सड़कों पर हर जगह सामान बिखड़े पड़े दिख रहे हैं। लोग इसका वीडियो अपने सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।
