विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'उसने मुझे मारा...'; flydubai विमान में भारतीय पायलट पर हमले के बाद का वीडियो आया सामने

Published: Fri, 02 Oct 2026 08:44 AM (IST)

संयुक्त अरब अमीरात से इजरायल जा रही flydubai की फ्लाइट में को-पायलट ने विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की, जिसका एक नया वीडियो सामने आया है।

HighLights

  1. को-पायलट ने flydubai विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने का प्रयास किया।

  2. भारतीय पायलट स्मित मछार ने 174 यात्रियों की जान बचाई।

  3. हमलावर को-पायलट को सऊदी अरब में हिरासत में लिया गया।

डिजिटल डेस्क, तेल अवीव। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से बीते बुधवार को इजरायल के तेल अवीव जा रही flydubai की फ्लाइट में जो खौफनाक वाकया हुआ, उसने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया। ऐसे में अब विमान के अंदर का एक नया और डरावना वीडियो सामने आया है।

इस वीडियो में ओमान के को-पायलट की तरफ से विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की खतरनाक कोशिश और उसके बाद विमान के भीतर मची अफरा-तफरी साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे भारतीय पायलट स्मित मछार के साथ मिलकर यात्रियों और क्रू मेंबर ने को-पायलट के इस नापाक इरादे को नाकाम कर दिया था।

वीडियो में क्या-क्या देखा गया?

बता दें कि इजरायल के चैनल 12 पर प्रसारित यह वीडियो विमान के अंदर एक सीट के पास शूट किया गया है। वीडियो में लोग अंग्रेजी और हिब्रू भाषा में चिल्लाते नजर आ रहे हैं।

एक व्यक्ति यह कहते हुए सुनाई देता है कि उसने विमान को क्रैश करने की कोशिश की। व्यक्ति का यह इशारा को-पायलट की तरफ था, जिसने भारतीय पायलट और फ्लाइट कैप्टन स्मित मछार पर चाकू से हमला कर दिया था।

कॉकपिट के अंदर का खौफनाक मंजर और सूझबूझ

वीडियो में एक अन्य व्यक्ति कॉकपिट के पास लोगों को शांत रहने और हमलावर को बाहर निकालने की बात कह रहा है। इस बीच, अराजकता के माहौल में एक क्रू मेंबर यात्रियों से पूछता है, 'डॉक्टर, क्या यहां कोई डॉक्टर है?

खून से लथपथ पड़े दिखे कैप्टन मछार

वीडियो में डॉक्टर, डॉक्टर कई बार पुकारने के बाद, इजरायली दंत चिकित्सक डॉ. शोता मुसायव आगे आते हैं। इसके बाद वीडियो में कैप्टन स्मित मछार दिखाई देते हैं, जो कॉकपिट के बाहर फर्श पर खून से लथपथ पड़े हैं।

वह यह कहते हुए सुनाई देते हैं कि को-पायलट ने उन्हें 'बहुत बार मारा' है। वह बताते हैं कि वह अपना घायल हाथ हिला तो पा रहे हैं, लेकिन उसे कसकर बंद नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि भारत के इस जांबाज कैप्टन मछार ने अपनी गंभीर चोटों और दर्द के बावजूद हिम्मत जुटाई और कॉकपिट का दरवाजा खोलकर विमान में सवार सभी 174 यात्रियों की जान बचा ली।

सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग

बता दें कि वीडियो का अगला हिस्सा सऊदी अरब में विमान की आपातकालीन लैंडिंग के बाद का है, जहां मेडिकल टीम विमान के दरवाजे के बाहर कैप्टन मछार का इलाज करती नजर आती है। विमान के अंदर मौजूद लोग पुलिस को बुलाने की मांग कर रहे हैं और कह रहे हैं कि जब तक पुलिस नहीं आ जाती, को-पायलट को विमान के अंदर ही रहना चाहिए।

एक हिब्रू वक्ता कहते हैं कि कोई उसे नहीं छोड़ेगा। इस दौरान हमलावर को-पायलट घुटनों के बल बैठा हुआ दिखाई देता है, जिसके हाथ पीछे की तरफ बंधे हुए हैं। वहीं फ्लाईदुबई का एक क्रू मेंबर अंग्रेजी में कहता है कि यह एक आतंकवादी है, आप समझते हैं ना? हमें पुलिस की जरूरत है। एक अन्य व्यक्ति ने कहा, वह कहीं नहीं जा सकता, वह यहीं हमारे साथ है।

इसके अलावा वीडियो के अंत में खून से सनी यूनिफॉर्म पहने हुए घायल हमलावर को क्रू मेंबर्स से घिरे हुए विमान के फर्श पर बैठा देखा जा सकता है। वीडियो के अंत में पट्टियों से बंधे हुए घायल कैप्टन मछार को चिकित्सकीय सहायता के साथ ले जाते हुए दिखाया गया है।

मामले की जांच जारी

गौरतलब है कि सामने आए इस नए वीडियो के बीच ओमान के इस को-पायलट को सऊदी हिरासत से यूएई ट्रांसफर कर दिया गया है। आबू धाबी ने घोषणा की है कि इस बात की गहराई से जांच की जा रही है कि क्या यह घटना किसी आतंकवादी गतिविधि से जुड़ी थी या इसके पीछे कोई पूर्व नियोजित साजिश थी।