काबुल आत्मघाती हमले में 20 की मौत, जानिए 2017 में कितनी बार आत्मघाती हमले से दहला काबुल
काबुल में हुए आत्मघाती हमले में 20 मरे, 30 अन्य घायल। मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने के आसार, आइएस ने हमले की जिम्मेदारी ली।
काबुल (एएफपी)। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल एक बार फिर आत्मघाती हमले से दहल उठी। काबुल में हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 20 लोग माए गए जबकि 30 अन्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावर ने गुरुवार को पुलिस और प्रदर्शनकारियों की भीड़ में खुद को उड़ा लिया।
उप गृह मंत्री के प्रवक्ता नसरत रहीमी ने बताया, 'एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। उसने प्रदर्शनकारियों को सुरक्षा मुहैया कराने के प्रयास में जुटे पुलिसकर्मियों के करीब विस्फोट किया।'
स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता वाहिद मजरोह ने कहा कि 11 शव अस्पताल पहुंचे हैं। इसके अलावा 25 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि घायलों की स्थिति को देखते हुए मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
सुरक्षा सूत्रों ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि हमले में 20 लोग मारे गए और 20 अन्य घायल हो गए हैं। लेकिन इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है। इस आत्मघाती हमले की आतंकी संगठन आइएस ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
क्यों हो रहा था प्रदर्शन?
बता दें कि काबुल में शराब के खिलाफ पुलिस ऑपरेशन के दौरान एक दुकानदार की मौत हो जाने के विरोध में प्रदर्शन हो रहा था। जिसका फायदा आत्मघाती हमलावर ने उठाया और भीड़ में घुसकर खुद को उड़ा लिया।
पिछले साल काबुल पर कब-कब हुआ आत्मघाती हमला
- 28 दिसंबर, 2017: आत्मघाती हमले में 40 लोगों की मौत हो गई है जबकि 30 लोग घायल हुए। आत्मघाती हमलावर ने पीडी6 इलाके में तेबीयन केंद्र के दरवाजे पर विस्फोट किया है।
- 3 मई, 2017: अमेरिकी दूतावास और नाटो मुख्यालय के पास विदेशी बलों को निशाना बनाकर शक्तिशाली धमाका किया गया। इसमें आठ लोग मारे गए और दो अमेरिकी सैनिकों समेत 25 घायल हुए।
- 8 मार्च, 2017: काबुल के सरदार दाउद खान मिलिट्री अस्पताल में बंदूकधारियों के ग्रुप ने हमला किया। इस हमले में 49 लोगों की मौत जबकि 63 लोग घायल हुए। हमले की जिम्मेदारी खूंखार आतंकी संगठन आइएस ने ली।
- 10 जनवरी, 2017: अफगानिस्तान की संसद के पास हुए दो आत्मघाती हमले में 30 से अधिक लोगों की मौत हुई और दर्जनों लोग घायल हुए। इस हमले में तालिबानी आतंकियों के शामिल होने का शक जताया गया।
यह भी पढ़ें: काबुल में बड़ा आत्मघाती हमला, 40 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल