जमीन से 1,300 फीट नीचे स्थित गुफा में मिला जीवन का संकेत
अमेरिकी वैज्ञानिकों ने इटली के मध्य स्थित फरासासी गुफा में सूक्ष्मजीवों और रसायनों का अध्ययन किया।
वाशिंगटन, प्रेट्र। इटली में जमीन से 1,300 फीट नीचे स्थित गुफा में जीवन के संकेत मिले हैं। इससे मंगल ग्रह के अतिरिक्त अन्य ग्रहों पर जीवन तलाशने में मदद मिल सकती है। अमेरिकी वैज्ञानिकों ने इटली के मध्य स्थित फरासासी गुफा में सूक्ष्मजीवों और रसायनों का अध्ययन किया। इस दौरान जिप्सम नामक खनिज के आइसोटोप (समस्थानिक) में विविधिता पाई गई।
दरअसल, जिप्सम गुफाओं में पाया जाने वाले सबसे प्रमुख खनिज है। सूक्ष्मजीव रासायनिक प्रतिक्रिया को तेज कर देते हैं जिससे जिप्सम का निर्माण भी तेजी से होता है। सूक्ष्मजीव के बनाए जिप्सम के परमाणु में आइसोटोप का अनुपात प्राकृतिक जिप्सम की तुलना में अलग-अलग रहता है। 1,300 फीट नीचे स्थित गुफा में मिले जिप्सम के आइसोटोप का अलग होना वहां जीवन की संभावना की ओर इशारा करती है।
मंगल ग्रह पर भी ज्वालामुखी फटने के कारण गुफाओं का निर्माण हुआ है। साथ ही वहां कार्बन डाइऑक्साइड और पानी होने के भी संकेत मिले हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि लाल ग्रह पर भी जमीन के भीतर जीवन उत्पन्न होने लायक वातावरण हो सकता है। इटली की गुफा आगे होने वाले अनुसंधानों में वास्तविक लैब का काम करेगी। इसकी मदद सौर मंडल के बाहरी ग्रहों पर जीवन खोजना आसान हो जाएगा।