यूरोपीय संघ का बड़ा कदम: 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर रोक का प्रस्ताव
यूरोपीय संघ ने 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखा है।

HighLights
यूरोपीय संघ ने 13 साल से कम बच्चों के सोशल मीडिया पर रोक।
बड़े किशोरों हेतु उम्र-आधारित सीमाएं और सुरक्षा उपाय लागू होंगे।
बच्चों को ऑनलाइन नुकसान व आकर्षक फीचर्स से बचाना मुख्य लक्ष्य।
डिजिटल डेस्क, ब्रसेल्स। यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वान डेर लेयेन ने बुधवार को 27 सदस्यीय यूरोपीय संघ में 13 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर रोक लगाने का प्रस्ताव रखा। साथ ही, बड़ी उम्र के किशोरों के लिए इन प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल पर उम्र के अनुसार सीमाएं और सुरक्षा उपाय लागू करने की योजना है।
यूरोपीय संघ की वार्षिक स्टेट आफ द यूरोपियन यूनियन भाषण में वान डेर लेयेन ने कहा कि बच्चों को ऑनलाइन नुकसान और अत्यधिक आकर्षक फीचर्स से बचाने के लिए कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लड़कियों की तस्वीरों का एआई के जरिए गलत तस्वीरों में इस्तेमाल भी गंभीर चिंता का विषय है।
प्रस्ताव के अनुसार 13 से 15 वर्ष के बच्चों के लिए अभिभावकों की निगरानी वाले ‘मिनी अकाउंट’ बनाए जा सकते हैं। इनमें कुछ फीचर्स और इस्तेमाल के समय पर सीमाएं होंगी। 15 से 18 वर्ष के किशोरों के लिए प्लेटफार्म को सुरक्षित डिजाइन उपलब्ध कराना होगा। प्रस्ताव का विस्तृत खाका गुरुवार को सामने आने की उम्मीद है।
इस योजना पर यूरोपीय संघ के सदस्य देशों में चर्चा और मतदान होना बाकी है। विशेषज्ञों ने हालांकि चिंता जताई है कि केवल उम्र की सीमा तय करने से इंटरनेट मीडिया कंपनियों के उस कारोबारी मॉडल की मूल समस्याएं दूर नहीं होंगी, जो यूजर को लंबे समय तक प्लेटफार्म पर बनाए रखने के लिए डिजाइन किया गया है।
फेसबुक, इंस्टाग्राम और टिकटॉक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पहले से ही 13 साल से कम उम्र के लोगों को अकाउंट खोलने की इजाजत नहीं देते हैं, लेकिन अधिकारियों ने इन कंपनियों पर आरोप लगाया है कि वे ऐसे बच्चों को प्लेटफार्म से दूर रखने में नाकाम रही हैं। फ्रांस, स्पेन और पुर्तगाल समेत कुछ यूरोपीय देशों ने पहले ही बच्चों और किशोरों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को सीमित करने के कदम उठाए हैं।
यूरोपीय संघ का पहला सहयोगी सदस्य बन सकता है कनाडा
यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वान डेर लेयेन ने कनाडा को यूरोपीय संघ का पहला सहयोगी सदस्य बनाने की दिशा में बातचीत शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने बुधवार को कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से कहा कि वह कनाडा के लिए यह रास्ता खोलना चाहती हैं। इस दौरान यूरोपीय सांसदों ने कार्नी का खड़े होकर स्वागत किया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की टैरिफ नीतियों और कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने संबंधी टिप्पणियों के बीच कनाडा यूरोप के साथ आर्थिक और सुरक्षा संबंध मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।
(समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)
