तुर्की और रूस ने कहा- इरान परमाणु समझौते से अलग होने का ट्रंप का फैसला गलत
क्रेमलिन ने एक बयान में कहा कि दोनों मजबूत नेताओं ने इस पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय सुरक्षा दोनों के लिए ये समझौता बेहद महत्वपूर्ण है।
अंकारा (एएफपी)। तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैइप इरडोगन औऱ उनके रूसी समकक्ष व्लादिमिर पुतिन ने इस बात पर सहमति जताई है कि इरान परमाणु समझौते से हटने का फैसला अमेरिका के लिए गलत है। तुर्किश राष्ट्रपति के सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को वाशिंगटन के ऐतिहासिक इरान परमाणु समझौते से अलग होने के फैसले की घोषणा करते हुए कहा था कि वह तेहरान पर अब नए प्रतिबंध लगाएगा।
सूत्र ने बताया कि कल तुर्किश राष्ट्रपति के साथ टेलीफोनिक वार्ता पर रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि इरान परमाणु समझौते पर ट्रंप के फैसला गलत है। इसके साथ ही पुतिन ने ये भी कहा कि परमाणु समझौता एक राजनयिक सफलता थी जिसे वास्तव में संरक्षित किया जाना चाहिए। क्रेमलिन ने एक बयान में कहा कि दोनों मजबूत नेताओं ने इस पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय सुरक्षा दोनों के लिए ये समझौता बेहद महत्वपूर्ण है।
दोनों नेताओं ने इस मामले में अन्य हस्ताक्षरकर्ता देशों के साथ सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई। आपको बता दें कि लंबे समय तक बातचीत के बाद, ईरान जुलाई 2015 में अपने ऊपर लगे अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों को हटाने के बदले अपने परमाणु कार्यक्रम को समाप्त करने पर सहमत हो गया था। इस समझौते में ईरान और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्यों - ब्रिटेन, चीन, फ्रांस, रूस और संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ-साथ जर्मनी शामिल थे।
पुतिन के फिर से रूस के राष्ट्रपति बनने पर तुर्किश राष्ट्रपति ने उन्हें बधाई दी। सीरिया में शांति प्रक्रिया बहाल करने के कार्यक्रम में अंकारा काफी समय से तेहरान औऱ मॉस्को के साथ मिलकर काम कर रहा है। पुतिन के राष्ट्रपति के रूप में तीसरे कार्यकाल के अंतिम वर्ष में उन्होंने 20 बार एर्डोगान से बात की है।