बैंकॉक के ऐतिहासिक कुआन यिन मंदिर में घुसी बेकाबू इलेक्ट्रिक कार, पूजा कर रहे 3 श्रद्धालु घायल
बैंकॉक के ऐतिहासिक कुआन यिन मंदिर में एक तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार घुस गई, जिससे पूजा कर रहे तीन श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।
HighLights
बैंकॉक के कुआन यिन मंदिर में कार दुर्घटना।
तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार से तीन घायल।
ड्राइवर ने हाई ब्लड प्रेशर को बताया कारण।
डिजिटल डेस्क, बैंकॉक। बैंकॉक के समफंथवोंग जिले में याओवारात रोड स्थित ऐतिहासिक तियान फाह फाउंडेशन के कुआन यिन श्राइन में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोपहर में तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार अचानक बेकाबू होकर मंदिर के प्रवेश द्वार को तोड़ते हुए भीतर आंगन में जा घुसी और पूजा-अर्चना कर रहे श्रद्धालुओं से जा टकराई।
इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के समय मौजूद थे लोग
हादसे के वक्त मंदिर परिसर में करीब 30 श्रद्धालु और आगंतुक मौजूद थे। सुरक्षा गार्ड वोराफोन यंगचैम के मुताबिक, कार इतनी तेजी से उंदर घुसी कि कई लोग अपनी जान बचाने के लिए भाग गए। बेकाबू गाड़ी पूजा सामग्री की मेजों और सरंचनाओं को तोड़ते हुए मुख्य वेदी के पास रुकी।
राहत की बात यह रही कि बोधिसत्व कुआन यिन की प्रसिद्ध सुनहरी प्रतिमा को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
हाई ब्लड प्रेशर के कराण आया चक्कर
इस घटना की सूचना मिलते ही फ्लैपला चाई 2 पुलिस स्टेशन की टीम, मेडिकल स्टाफ और आपातकालीन राहत कर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत पास के आस्पतालों में भर्ती कराया। कार चला रहे ड्राइवर की पहचान 78 वर्षीय चाइरोज के रूप में हुई है।
पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि वह मंदिर में दर्शन के लिए आया था, लेकिन तभी अचानक हाई ब्लड प्रेशन की वजह से उसे बेहोशी और चक्कर आ गया। इस दौरान अनजाने में उसका पैर एक्सीलेटर पर दब गया और गाड़ी मंदिर में घुस गई।
पुलिस द्वारा किए गए अल्कोहल-सोब्रायटी टेस्ट में शराब की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और दूसरों को गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और घायलों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
