तीन दिवसीय रूस की यात्रा पर मास्को पहुंचे राजनाथ सिंह, सैन्य तकनीकि कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा
राजनाथ सिंह अपीन तीन दिवसीय यात्रा पर रूस पहुंच गए हैं। वह यहां 19वें अंतर सरकारी आयोग की बैठक में हिस्सा लेंगे।
मास्को (रूस) एएनआइ। रक्षा मंत्रा राजनाथ सिंह तीन दिवसीय रूस की यात्रा के लिए मंगलवार मास्को पहुंच गए है। राजनाथ सिंह यहां सैन्य तकनीकी सहयोग पर 19वें अंतर सरकारी आयोग की बैठक में हिस्सा लेंगे। दरअसल, इस बैठक में सैन्य और सैन्य तकनीकी सहयोग चर्चा की जाएगी। उम्मीद है कि वह रूसी संघ के रक्षा मंत्री जनरल सर्गेई शोयगू के साथ रक्षा सहयोग के सभी क्षेत्रों के बारे में चर्चा कर सकते हैं।
वहीं, राजनाथ सिंह यहां रूसी उद्योग एवं व्यापार मंत्री डेनिस मांटुरोव के साथ भारत-रूस रक्षा उद्योग सहयोग सम्मेलन का उद्घाटन करने वाले हैं। जानकारी के अनुसार इस सम्मेलन में मेक इन इंडिया के तहत भारत और रूस के बीच रक्षा से संबंधित कारोबार को बढ़ाने के लिए चर्चा कर नए रास्ते खोजे जाएंगे।
सिंह का सेंट पीटर्सबर्ग जाने का भी कार्यक्रम है। यहां वे दूसरे विश्वयुद्ध में शहीद हुए नागरिकों के सम्मान में बने पिस्कारेवस्की स्मारक में पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि वह इस दौरान सेंट पीटर्सबर्ग और आस-पास मौजूद रूसी रक्षा उत्पादन इकाइयों का भी दौरा कर सकते हैं।
बता दें कि भारतीय रक्षा उद्योग से इस टीम में भारत डायनामिक्स लिमिटेड. जीएसएल और बीईएमएल और निजी क्षेत्र से टैकमाको डिफेंस, अल्फा डिजाईन सहित कम से कम 35 वरिष्ठ उद्योगपति इसमें शामिल होंगे। इतना ही नहीं तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के रक्षा विभागों से संबंधित वरिष्ठ अधिकारी भी इसमें शामिल होंगे। वह इस गलियारे में आने वाले संभावित निवेशकों तक अपनी पहुंच बनाएंगे।
इसी साल व्लादिवोस्तोक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतीन के बीच बैठक हुई थी। तभी भारत और रूस के बीच ऐसा समझौता तैयार करने पर सहमति बनी थी। इससे पहले साल 2016 में भारत अमेरिका के साथ लॉजिस्टिक एक्सचेंज एमओयू साइन कर चुका है। इतना ही नहीं पिछले साल फ्रांस के साथ भी भारत ने एक ऐसा ही समझौता किया था।