नेपाल में बाढ़ से हालात बेकाबू, 67 की मौत, 32 लापता, बांग्लादेश में 10 लाख लोग प्रभावित
नेपाल में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ से अभी तक 78 लोगों की मौत हो गई है जबकि 40 लोग घायल हैं। वहीं बांग्लादेश में भी बाढ़ से बाढ़ से 10 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
काठमांडू/ढाका, आइएएनएस। नेपाल में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ से अभी तक 78 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 40 लोग घायल हैं। नेपाल के गृह मंत्रालय (Nepal Home Ministry) की ओर से सोमवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि अभी तक 32 लोगों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से 3366 लोगों का बचाया गया है। बांग्लादेश में भी बाढ़ से बाढ़ से 10 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
नेपाल पुलिस ने अपने बयान में कहा कि विभिन्न जिलों में कम से कम 1,445 लोगों को बचाया गया है। गृह मंत्रालय के मुताबिक, बाढ़ से करीब 35 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से नेपाल के 77 जिलों में से 20 से ज्यादा प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के कारण 13 हजार परिवारों को विस्तापित होना पड़ा है। बहाव की चपेट में आकर 3500 घर ध्वस्त हो गए हैं। बाढ़ से प्रभावित लोगों पर महामारी के खतरे को देखते हुए इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी टीमें भी मदद के लिए लगाई गई हैं।
भारी बारिश के बाद नेपाल ने वाल्मिकी बैराज से करीब 1.94 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण पूर्वांचल के लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इसे देखते हुए पूर्वांचल के आठ जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। नेपाल की थल सेना और पुलिसकर्मियों ने देश में कई स्थानों से 1,104 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। इनमें से 185 लोगों को काठमांडू में सुरक्षित ठिकानों पर भेजा गया है।