COVID-19: सऊदी अरब ने रमजान के दौरान दो प्रमुख मस्जिदों में नमाज़ को स्थगित किया
दो प्रमुख मस्जिदों- ग्रैंड मस्जिद और पैगंबर की मस्जिद में प्रार्थना के निलंबन को बढ़ा दिया गया है।
रियाद, एएनआइ। सऊदी अरब ने सोमवार को दो प्रमुख मस्जिदों- ग्रैंड मस्जिद और पैगंबर की मस्जिद में प्रार्थना के निलंबन को बढ़ा दिया। यह कदम रमजान के उपवास महीने के दौरान कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए उठाया गया। दो प्रमुख मस्जिदों के अध्यक्ष जनरल, शेख डॉ अब्दुल्रहमान बिन अब्दुलअज़ीज़ अल-सुदैस ने एक ट्वीट में कहा कि मक्का में मस्जिद अल-हरम और अल मस्जिद अल-नबावी पूरे महीने प्रार्थना (अदन) का प्रसारण करेंगे, लेकिन मस्जिद पूरी तरह से बंद रहेगी, जिससे कोई नमाजी अंदर नहीं आ सकता।
रमजान दुनिया भर में मुसलमानों के लिए सबसे पवित्र महीना है। रमजान के पूरे महीने (29 या 30 दिन) तक मुस्लिम समुदाय के लोग रोजे रखते हैं, कुरान पढ़ते हैं। हर दिन की नमाज के अलावा रमजान में रात के वक्त एक विशेष नमाज भी पढ़ी जाती है, जिसे तरावीह कहते हैं। मुस्लिम समुदाय के लोग साल भर रमजान का बेसब्री से इंतजार करते हैं। रमजान के दौरान मुसलमान सूर्योदय से सूर्यास्त तक खाने या पीने से परहेज करते हैं। दिन का समापन तरावीह के साथ होता है। इस बार रमजान का पाक महीना चांद दिखने पर 24 या 25 अप्रैल से शुरू होगा।
बता दें कि पिछले महीने, सऊदी अरब ने अत्यधिक संक्रामक कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लोगों को मस्जिदों के अंदर प्रार्थना करने से रोक दिया था। पिछले सप्ताह, सऊदी अरब के ग्रैंड मुफ्ती शेख अब्दुलअजीज अल-शेख ने लोगों को घर से रमजान के दौरान तरावीह और बाद में ईद की नमाज अदा करने के लिए कहा था ताकि कोरोना वायरस को फैलने से रोका जा सके। राज्य ने अब तक वायरस के कारण 103 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं, यहां COVID-19 से अब तक 10,000 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।