ब्राजील में कोरोना के 32 लाख से ज्यादा मरीज, 24 घंटे में 1262 लोगों की मौत
दुनिया में अमेरिका के बाद कोरोना के सबसे ज्यादा प्रभावित ब्राजील में अब तक एक लाख से अधिक लोगों की मौतहो चुकी है।
ब्राजीलिया (ब्राजील), एजेंसी। दुनिया में अमेरिका के बाद कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित ब्राजील में इस महामारी का कहर थमता नजर नहीं आ रहा है। संक्रमित लोगों का आंकड़ा लगातार तेजी से बढ़ता जा रहा है। इस लैटिन अमेरिकी देश में 60 हजार से ज्यादा नए मामले पाए गए है। इससे कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का कुल आंकड़ा 32 लाख 24 हजार से ज्यादा हो गया है। इनमें से एक लाख पांच हजार से ज्यादा मरीजों की मौत हुई है।
ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देशभर में बीते 24 घंटे के दौरान 60 हजार से अधिक नए पॉजिटिव केस पाए गए है। इस दौरान 1,262 पीड़ितो ने दम तो़ड़ दिया है। इसके एक दिन पहले करीब 55 हजार नए मामले मिले थे। जबकि 1,175 लोगों की जान गई थी।
अमेरिका में 52 लाख संक्रमित
महामारी से सबसे ज्यादा जूझ रहे अमेरिका में अब तक 52 लाख 54 हजार से अधिक लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। करीब एक लाख 70 हजार लोगों की इस महामारी की वजह से जान जा चुकी है। दुनिया में अमेरिका के बाद ब्राजील में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले हैं।
दुनिया में 7 लाख लोगों की मौत
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने गत 11 मार्च को कोरोना को वैश्विक महामारी घोषित किया था। इस घातक वायरस की चपेट में आकर दुनियाभर में अब तक दो करोड़ नौ लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। जबकि मरने वालों का वैश्विक आंकड़ा सात लाख 59 हजार से अधिक हो गया है।
ब्राजील से मंगाए गए चिकन में मिला कोरोना: चीन
उधर, चीन ने दावा किया है कि ब्राजील से आयात किए गए फ्रोजन चिकन में कोरोना वायरस पाया गया है। यह मामला दो शहरों में सामने आया है। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि देश के दक्षिणी शेंजेन और पश्चिमोत्तर शियान शहरों में फ्रोजन फूड की जांच के दौरान नमूनों में कोरोना पाया गया। यह खतरनाक वायरस चिकन विंग्स के नमूनों में पाया गया। लोगों को इसके प्रति आगाह कर दिया गया है। एक दिन पहले अनहुई प्रांत में इक्वाडोर से आयातित मछली में संक्रमण पाया गया था।