Coronavirus World Updates: दुनिया के कई देशों में फिर गुलजार हुए स्कूल, संक्रमण की रोकथाम के लिए किए गए उपाय
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एक वीडियो संदेश में स्कूल खुलने के पहले दिन 1.2 करोड़ से ज्यादा छात्रों से कहा वायरस का अब भी खतरा है और आपको खुद की सुरक्षा करनी है।
पेरिस, एजेंसियां। कोरोना महामारी के बीच दुनिया के कई देशों में स्कूल और कॉलेज फिर गुलजार हो गए। फ्रांस, इंग्लैंड और चीन में महीनों बाद मंगलवार से स्कूलों और कॉलेजों को खोल दिया गया। हालांकि संक्रमण की रोकथाम के लिए तमाम उपाए भी किए गए हैं। छात्रों को फेस मास्क में स्कूल जाते देखा गया।
स्कूल के दौरान पूरे समय मास्क पहनना अनिवार्य
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एक वीडियो संदेश में स्कूल खुलने के पहले दिन 1.2 करोड़ से ज्यादा छात्रों से कहा, 'वायरस का अब भी खतरा है और आपको खुद की सुरक्षा करनी है।' संक्रमण की रोकथाम के लिए सभी छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ के लिए स्कूल के दौरान पूरे समय मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। फ्रांस में मंगलवार से सभी कार्यस्थलों पर भी मास्क अनिवार्य कर दिया गया। इस देश में सोमवार को 3,082 नए मामले पाए जाने से संक्रमित लोगों की संख्या दो लाख 81 हजार से ज्यादा हो गई। अब तक 30 हजार से ज्यादा की मौत हुई है।
इंग्लैंड में स्कूलों और कॉलेजों को खोला गया
इधर, पूरे इंग्लैंड में भी मंगलवार से स्कूलों और कॉलेजों को खोल दिया गया। स्कूलों और कॉलेजों में फेस मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। इंग्लैंड में कोरोना महामारी के चलते गत मार्च से शिक्षण संस्थान बंद थे। ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने गत हफ्ते स्कूल खोलने की अपील की थी। ब्रिटेन में तीन लाख 35 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमित हैं और 41 हजार से अधिक पीड़ितों की मौत हुई है।
चीन में 70 फीसद छात्र शिक्षण संस्थान में लौटे
कोरोना महामारी पर बहुत हद तक काबू पाने वाले चीन में भी सभी स्कूल बहाल कर दिए गए। इस देश में करीब 70 फीसद छात्रों की पहले ही शिक्षण संस्थानों में वापसी हो चुकी है। बाकी छात्रों का भी मंगलवार से स्कूल आना शुरू हो गया। खबरों में बताया गया है कि स्कूल पहुंचने पर छात्रों के तापमान की जांच करने की व्यवस्था की गई है। जबकि शारीरिक दूरी और मास्क पहनने के नियम प्रांतों में अलग-अलग हैं। इस बीच चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि देश में संक्रमण के दस नए मामले पाए गए। ये सभी विदेश से लौटे लोग हैं।
भारत, इंडोनेशिया से आने वालों पर रोक लगाएगा मलेशिया
मलेशिया की सरकार ने कहा कि दीर्घकालीन इमीग्रेशन पास रखने वाले भारत, इंडोनेशिया और फिलीपींस के नागरिकों के देश में प्रवेश करने पर सात सितंबर से रोक रहेगी। यह कदम कोरोना महामारी रोकने के लिए उठाया गया है। मलेशिया में मंगलवार को नौ हजार 300 नए मामले पाए गए और 128 पीडि़तों की जान गई।
रूस में संक्रमित लोगों की संख्या दस लाख पार
रूस में कोरोना पीड़ितों की संख्या दस लाख के पार पहुंच गई है। कोरोना से निपटने के लिए गठित टास्कफोर्स ने बताया कि 4,729 नए मामले मिलने से मरीजों की संख्या दस लाख 48 हो गई। इस दौरान 123 पीड़ितों के दम तोड़ने से मरने वालों का आंकड़ा 17 हजार 299 हो गया। रूस में महामारी का केंद्र मॉस्को बना हुआ है।
ब्राजील में पाए गए 45 हजार नए मामले
ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में बीते 24 घंटे के दौरान 45 हजार 961 नए मामले पाए जाने से संक्रमित लोगों का आंकड़ा बढ़कर 39 लाख से ज्यादा हो गया है। इस अवधि में 553 पीड़ितों के दम तोड़ने से मरने वालों की संख्या एक लाख 21 हजार 381 हो गई।
इसे भी जानिए
फिलीपींस : पाबंदियों में और ढील दिए जाने के साथ मनीला में फिटनेस जिम, सैलून और इंटरनेट कैफे को खोलने की इजाजत दे दी गई है।
मेक्सिको : 3,719 नए पॉजिटिव केस पाए जाने से संक्रमित लोगों की संख्या करीब छह लाख हो गई। अब तक 64 हजार से ज्यादा की जान गई।
पाकिस्तान : इस मुल्क में 300 नए केस मिलने से पीड़ितों की तादाद दो लाख 96 हजार 149 हो गई। कुल 6,298 पीडि़तों की मौत हुई है।
इजरायल : 2,576 नए कोरोना रोगी पाए जाने से पीड़ितों का आंकड़ा एक लाख 16 हजार से अधिक हो गया। अब तक 939 पीडि़तों की जान गई है।