Move to Jagran APP

CoronaVirus: यूरोप में त्राहिमाम, इटली, ईरान और स्‍पेन में मचा कोहराम, जानें पूरी दुनिया का हाल

चीन के बाद सर्वाधिक प्रभावित इटली का लोंबार्डी तो दूसरा वुहान बनता जा रहा है। इस यूरोपीय देश में मरने वालों संख्या 2158 पहुंच गई है जो चीन के बाद सबसे ज्यादा है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Published: Tue, 17 Mar 2020 09:53 PM (IST)Updated: Wed, 18 Mar 2020 07:04 AM (IST)
CoronaVirus:  यूरोप में त्राहिमाम, इटली, ईरान और स्‍पेन में मचा कोहराम, जानें पूरी दुनिया का हाल
CoronaVirus: यूरोप में त्राहिमाम, इटली, ईरान और स्‍पेन में मचा कोहराम, जानें पूरी दुनिया का हाल

 पेरिस, एजेंसियां। चीन में कोरोना के कहर को जहां काबू में करने का दावा किया जा रहा है, वहीं यूरोप में इसने भयावह रूप धारण कर लिया है। चीन के बाद सर्वाधिक प्रभावित इटली का लोंबार्डी तो दूसरा 'वुहान' बनता जा रहा है। इस यूरोपीय देश में मरने वालों संख्या 2,158 पहुंच गई है, जो चीन के बाद सबसे ज्यादा है। कोरोना के फैलने के कारण यहां बीच बंद कर दिए गए हैं। दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश स्पेन है जहां पर मरने वालों का आंकड़ा 491 पर पहुंच गया है। फ्रांस में लॉकडाउन से पहले पेरिस छोड़ने वालों का तांता लगा है। मंगलवार तड़के रेलवे स्टेशन और राजमार्ग पर लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी। इनका मानना है कि शहर आने वाले लोगों के माध्यम से संक्रमण का दायरा बढ़ेगा और महामारी भयावह रूप धारण कर सकती है।

loksabha election banner

पेरिस में शहर छोड़कर भाग रहे लोग, अगले 15 दिनों तक घरों में रहने का आदेश

फ्रांसीसी स्वास्थ्य मंत्री ओलिवियर वेरन ने कहा कि सरकार का लोगों को उनके दूसरे घरों में जाने से रोकने का कोई इरादा नहीं है। हालांकि शहर में सार्वजनिक जीवन पर कड़े प्रतिबंध यथावत लागू रहेंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने नागरिकों को आदेश दिया कि वह मंगलवार से लेकर अगले 15 दिनों तक घरों में ही रहें। साथ ही उन्होंने कहा कि गैर-जरूरी यात्राओं और सामाजिक कार्यक्रम पर प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। मैक्रों ने कहा कि यूरोपीय संघ की बाहरी सीमाएं मंगलवार से लेकर अगले 30 दिनों के लिए बंद रहेंगी। फ्रांस के उप परिवहन मंत्री ने कहा है कि लॉकडाउन के तहत हाईस्पीड इंटरसिटी ट्रेनों का परिचालन कम किया जाएगा।

(ये है इटली का बर्गमो शहर, जहां कोरोना वायरस के कहर के कारण सड़कें वीरान हो गई हैं।) 

इटली में दो दिन में 700 से अधिक मौतें

इटली में होने वाली कुल मौतों के 66 फीसद (1420) मामले इसी शहर के हैं। इटली में दो दिनों में 700 से अधिक मौतें हुई हैं। चार दिन पहले संक्रमण के 15,113 मामले थे जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 27,980 हो गई है।

ईरान में 85000 हजार कैदियों को रिहा किया गया

ईरान में 85000 हजार कैदियों को अस्थायी तौर पर रिहा कर दिया है। इसमें राजनीतिक कैदी भी हैं। वहीं पिछले चौबीस घंटों के दौरान 135 और लोगों की मौत हुई है। यहां पर मरने वालों की संख्या 988 हो गई है। 1178 संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। इनकी संख्या 16,169 हो गई हहै। 5,389 लोग ठीक हो चुके हैं। उधर, ईरान के प्रमुख विरोधी संयुक्त अरब अमीरात ने इस मुसीबत के समय एक अच्छा संदेश दिया है। उसने ईरान में मेडिकल उपकरण से भरे दो विमान भेजे।

कोरोना वायरस को लेकर पूरी दुनिया में स्थिति

-जॉन हापकिंस कोरोनावायरस ट्रैकर के मुताबिक अब तक 7,154 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 1,82,405 लोग संक्रमित हुए हैं। वायरस की जद में 155 देश अब तक आ चुके हैं।

-चीन में संक्रमण का एक मामला सामने आया है। जबकि 13 अन्य लोगों की मौत हुई है। अकेले हुबेई प्रांत में 12 लोगों की मौत हुई है।

-ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और अमेरिका ने संयुक्त बयान में कहा कि महामारी वैश्विक स्वास्थ्य संकट है, जो विश्व की अर्थव्यवस्था के लिए भी जोखिम है।

-चीन की अध्यक्षता में सोमवार को होने वाली संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक को स्थगित किया गया। इसमें सूडान के दारफुर की स्थिति पर चर्चा होनी थी।

-हांगकांग में गुरुवार से आने वाले सभी विदेशी यात्रियों को 14 दिनों तक आइसोलेशन में रहना होगा।

-फिलीपींस में आधा देश आइसोलेशन में है। दस दिनों के अंदर वहां पर मरने वालों की तादाद तीन से बढ़कर 12 हो गई है। संक्रमण के 142 मामले हो गए हैं।

-मलेशिया में संक्रमण से पहली मौत हुई है। संक्रमित व्यक्तियों की तादाद बढ़कर 673 हो गई है। जो लोग संक्रमित हुए हैं वह मस्जिद में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

-थाइलैंड में संक्रमण के 177 मामले हो गए हैं। वहां की कैबिनेट ने स्कूल, सिनेमा हॉल, बार और एंटरटेनमेंट सेंटर अगले महीने तक बंद करने का आदेश दिया है।

-ब्राजील के साओ पालो में कोरोना वायरस को लेकर उठाए गए कदमों के बाद फैले दंगों में विभिन्न जेलों से 1500 कैदी भाग गए हैं।

-स्विटजरलैंड में उच्च माध्यमिक और यूनिवर्सिटी की कक्षाओं में अब दूरस्थ शिक्षा कार्यक्रम चलाया जाएगा। जबकि प्राथमिक स्कूलों की कक्षाएं पहले की तरह लगती रहेंगी।

-कुवैत में मंगलवार को संक्रमण के सात नए मामले सामने आए। यह सभी ब्रिटेन से आए थे। यहां पर संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 130 हो गई है।

-मिस्र में वायरस से मौत के बाद गांव के 300 परिवारों को आइसोलेशन में रख दिया गया है।

-पोलैंड के मंत्री का कोरोनावायरस का टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद पूरी सरकार आइसोलेशन में चली गई है।

-स्पेन और रूस ने सोमवार को अपनी सीमाएं सील कर दीं जबकि जर्मनी ने आवाजाही को लेकर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है।

-जापान में संक्रमण के मामलों की संख्या बढ़कर 837 हो गई है।

महामारी के कुल मामले

देश       मौतें    संक्रमण

चीन     3,226  80,881

इटली    2158   27980

स्पेन     491    11,178

ईरान     988    16,169

अमेरिका 85    4500


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.