Coronavirus in South Korea: 74 नए मामले समाने आए, 3 हफ्ते में पहली बार 100 से कम मरीजों की पुष्टि
चीन के बाद अब दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस के मामलों में कमी देखने को मिली है। उसने रविवार को केवल 76 नए मामलों और तीन और मौतों की जानकारी दी है।
सियोल,रायटर्स। चीन के बाद अब दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस के मामलों में कमी देखने को मिली है। उसने रविवार को केवल 76 नए मामलों और तीन और मौतों की जानकारी दी है। पिछले तीन हफ्तों में पहली बार कोरोना वायरस के एक दिन में 100 से कम मरीजों की पुष्टि हुई है।
चीन के बाद एशिया में सबसे ज्यादा मामले दक्षिण कोरिया में ही सामने आए हैं। यहां अब मरीजों की संख्या 8,162 हो गई है। वहीं 75 लोगों की मौत हो गई है। कोरिया सेंटर फॉर डिजीज एंड प्रिवेंशन (KCDC) ने इसकी जानकारी दी है।
रविवार को डिस्चार्ज हुए 120 मरीज
केसीडीसी के अनुसार दक्षिण कोरिया में लगातार कोरोना वायरस के नए मामलों में गिरावट देखने को मिली है। शनिवार को 107 मामले सामने आए थे। नए मामलों में से 41 मरीजों की पुष्टि डेगू शहर में हुई है, जो देश में प्रकोप का केंद्र है। रविवार को अस्पतालों से कुल 120 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। लगातार तीसरे दिन ठीक हो रहे मरीजों की संख्या नए मरीजों की संख्या से ज्यादा रही। 20 जनवरी को पहले मामले की पुष्टि हुई थी।
पिछले 24 घंटों में चीन के बाहर कोरोना वायरस के 9,751 नए मामले
स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार पिछले 24 घंटों में चीन के बाहर कोरोना वायरस के 9,751 नए मामले सामने आए हैं। इससे संक्रमित मरीजों की संख्या 1,42,539 हो गई है। चीन के बाहर अबतक 61,518 मामलों की पुष्टि। इसमें से 2,199 लोगों की मौत हुई है। चीन से बाहर शनिवार को 424 लोगों की मौत हो गई।
चीन में पिछले 24 घंटों में केवल 20 नए मामले
चीन में पिछले 24 घंटों में केवल 20 नए मामले सामने आए हैं। इसमें 16 विदेशी लोगों के संक्रमण के मामले हैं। वहीं गो और लोगों की मौत हो गई है। चीन में 3,199 लोगों की मौत हो गई है। 80,778 से अधिक लोग संक्रमित हो गए हैं।