Move to Jagran APP

दुनियाभर में कोरोना ने मचाई उथल-पुथल, अकेले यूरोप में 50 हजार से ज्यादा की मौत, जानें बाकी देशों का हाल

स्वास्थ्य मंत्रालय की एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक 40 हजार लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। यह कुल संक्रमित लोगों का 30 फीसद है।

By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Mon, 06 Apr 2020 08:34 PM (IST)Updated: Mon, 06 Apr 2020 10:05 PM (IST)
दुनियाभर में कोरोना ने मचाई उथल-पुथल, अकेले यूरोप में 50 हजार से ज्यादा की मौत, जानें बाकी देशों का हाल
दुनियाभर में कोरोना ने मचाई उथल-पुथल, अकेले यूरोप में 50 हजार से ज्यादा की मौत, जानें बाकी देशों का हाल

पेरिस, एजेंसियां। कोरोना महामारी से अब तक पूरी दुनिया में 70 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन यूरोप इससे सर्वाधिक प्रभावित है। अब तक इस बीमारी से महाद्वीप में 50,209 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 6,75,580 लोग संक्रमित हैं। इटली में सर्वाधिक 15,877 लोगों की मौत हुई है जबकि स्पेन में 13,055 लोगों की जान गई है। वहीं फ्रांस में 8,078 और ब्रिटेन में 4,934 लोगों की मौत हुई है।

loksabha election banner

स्पेन में पिछले चौबीस घंटों में 637 लोगों की मौत हुई है। लगातार यह चौथा दिन है जब एक दिन में मृतकों की संख्या में कमी आई है। पिछले गुरुवार को एक दिन में सर्वाधिक 950 लोगों की मौत हुई थी। संक्रमण के नए मामलों में भी कमी आई है। अब यह 3.3 फीसद की दर से 1,35,032 हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक 40 हजार लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। यह कुल संक्रमित लोगों का 30 फीसद है। मृतकों की संख्या के साथ ही संक्रमण के मामलों में कमी आने के बीच स्पेन की सरकार इस बात पर विचार करने लगी है कि लॉकडाउन से जनता को कैसे राहत प्रदान की जाए।

बता दें कि स्पेन में 14 मार्च को लॉकडाउन घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 25 अप्रैल कर दिया गया है। सरकार ऐसे लोगों की पहचान करके उनका टेस्ट कराने की योजना बना रही है, जो कोरोना संक्रमित तो हैं, लेकिन उनमें लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हैं। सरकार ने संक्रमण को रोकने के लिए सभी लोगों से सार्वजनिक जगहों पर फेस मास्क पहनने की अपील की है।

मंदी के जाल में फंसेगा फ्रांस

फ्रांस के वित्त मंत्री ने इस बात की आशंका जताई है कि कोरोना महामारी के चलते देश भयंकर मंदी के जाल में फंस सकता है। उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद 2009 में आई मंदी में आर्थिक वृद्धि का आंकड़ा -2.2 फीसद था, लेकिन इस बार हालात और ज्यादा खराब होंगे। उन्होंने कहा कि यह उस आर्थिक सदमे का संकेत है, जिसका हम सामना कर रहे हैं। सांख्यिकी मंत्रालय ने पिछले महीने कहा था कि एक महीने के लॉकडाउन से जीडीपी में तीन फीसद अंकों की कमी आएगी। फ्रांस में 17 मार्च से लॉकडाउन और यह 15 अप्रैल तक चलेगा।

ईरान में 136 और लोगों की मौत

ईरान में पिछले चौबीस घंटों के दौरान 136 और लोगों की मौत हुई है। इस तरह वहां मरने वालों की संख्या 3,739 हो गई है। संक्रमण के 2,274 नए मामले सामने आने के साथ ही कुल संक्रमित लोगों की संख्या 60,500 हो गई है। राहत भरी बात यह है कि लगातार छठे दिन संक्रमित लोगों की संख्या में कमी आई है।

अंतिम संस्कार के लिए इंडोनेशिया ने बनाया पुलिस बल

कोरोना संक्रमित लोगों के अंतिम संस्कार के लिए इंडोनेशिया में एक अलग पुलिस यूनिट बनाई गई है। यह कदम उन खबरों के बाद उठाया गया है, जिसमें आम लोग संक्रमित व्यक्तियों का अंतिम संस्कार करने से उनके परिजनों को रोक रहे हैं। देश में अब तक 209 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 2500 लोग संक्रमित हैं। 

जर्मनी गए तो क्वारंटाइन में रहना होगा

जर्मनी में आने वाले सभी यात्रियों को 14 दिनों तक क्वारंटाइन में रहना होगा। 10 अप्रैल से लागू होने वाले इस नियम से जर्मनी और यूरोपीय यूनियन के देशों के नागरिकों के प्रभावित होंगे। उधर, केंद्रीय कैबिनेट में फैसला लिया गया है कि छोटे और मध्यम उद्योगों के 100 फीसद कर्ज की गारंटी सरकार लेगी। 

बांग्लादेश में मस्जिदों में नमाज पढ़ने पर रोक

संक्रमण को रोकने के लिए बांग्लादेश ने मस्जिदों में नमाज पढ़ने पर रोक लगा दी है। वहां पिछले चौबीस घंटों के दौरान चार लोगों की मौत हुई है जबकि संक्रमण के 35 नए मामले सामने आए हैं। देश में मृतकों की कुल संख्या 12 हो गई है। 

देश                मौतें          संक्रमित

इटली             15,887     128,948

स्पेन              13,055     135,032

अमेरिका         9,624       336,907

फ्रांस              8,078        92,839

ब्रिटेन            4,934         47,806

ईरान             3,739         60,500

चीन              3,331         81,708


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.