चीन और आसियान ने पहली बार किया संयुक्त नौसैनिक अभ्यास
चीन और दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन 'आसियान' में शामिल दस देशों ने पहली बार संयुक्त नौसैनिक अभ्यास किया।
सिंगापुर (एएफपी)। चीन और दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन 'आसियान' में शामिल दस देशों ने पहली बार संयुक्त नौसैनिक अभ्यास किया। इन देशों में से कई का चीन के साथ दक्षिण चीन सागर को लेकर लंबे समय से विवाद रहा है। सिंगापुर के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह सैन्य अभ्यास सिंगापुर के नौसैनिक बेस में गुरुवार और शुक्रवार को किया गया।
एसोसिएशन ऑफ साउथ ईस्ट एशियन नेशन (आसियान) और चीन इसी तरह का सैन्य अभ्यास इस साल अक्टूबर में भी करेंगे। यह नौसैनिक अभ्यास चीन के जलक्षेत्र में होगा। चार आसियान देश ब्रुनेई, मलेशिया, फिलीपींस और वियतनाम दक्षिण चीन सागर में चीन के दावे का विरोध करते हैं।
चीन, दक्षिण चीन सागर के लगभग पूरे इलाके पर अपना दावा करता है। चीन इस इलाके में कई कृत्रिम द्वीप भी बना चुका है। वह इन पर सैन्य साजो-सामान की तैनाती भी कर चुका है। चीन के इस कदम से ये देश और अमेरिका नाखुश है। अमेरिका दक्षिण चीन सागर के विवाद में चीन के विरोधी देशों का समर्थन करता है और इस क्षेत्र में नौसैनिक गश्त भी करता है।