ट्रंप फेल, मेलानिया पास: पोप लियो के साथ मिलकर रूसी कब्जे वाले ओलेश्की में कराया युद्धविराम
मेलानिया ट्रंप और पोप लियो ने रूसी कब्जे वाले ओलेश्की, यूक्रेन में युद्धविराम कराने में सफलता पाई है।

मेलानिया ट्रंप के प्रयास से बेहाल यूक्रेनी कस्बे में युद्धविराम लागू। (फाइल)
HighLights
मेलानिया ट्रंप ने पोप लियो संग ओलेश्की में युद्धविराम कराया।
मानवीय सहायता, सुरक्षित मार्ग के लिए युद्धविराम एक नवंबर तक।
रूसी कब्जे वाले ओलेश्की में जीवन नारकीय, बुनियादी सुविधाओं का अभाव।
डिजिटल डेस्क, कीव। एक तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के लाख प्रयास के बावजूद रूस और यूक्रेन हमले रोकने को तैयार नहीं हैं। वहीं, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप ने रूस के कब्जेवाले यूक्रेन एक छोटे से कस्बे ओलेश्की में युद्धविराम कराने में सफलता पा ली। इससे पहले भी मेलानिया ने रूसी सेना के कब्जे में कैद यूक्रेनी बच्चों को छुड़ाने और स्वदेश वापसी कराई थी।
ओलेश्की की कुछ हजार लोगों की आबादी दाने-दाने को मोहताज है। दवाओं के साथ-साथ बिजली, पानी और गैस जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी से जीवन नारकीय हो चुका है। अब एक नवंबर तक लागू युद्धविराम से इस इलाके में भोजन और दवाएं पहुंचाना संभव हो सकेगा और साथ ही वहां से निकलने के इच्छुक लोगों को भी सुरक्षित रास्ता मिल सकेगा।
अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने पोप लियो की भागीदारी से इस युद्धविराम में मध्यस्थता की। कस्बे के कुछ निवासियों के मुताबिक, वे दिनभर में केवल एक कटोरी चावल या कुट्टू खाकर गुजारा कर रहे हैं। कभी-कभी उसमें टमाटर, खीरा या जंगली साग मिला लेते हैं।
दक्षिणी खेरसान क्षेत्र में नीपर नदी के पूर्वी तट पर स्थित ओलेश्की पर रूसी सेना ने फरवरी 2022 में कब्जा कर लिया था। युद्ध और 2023 में काखोव्का बांध टूटने से आई बाढ़ ने कस्बे को भारी नुकसान पहुंचाया। युद्ध से पहले यहां करीब 24 हजार लोग रहते थे, लेकिन अब कुछ हजार ही बचे हैं।
भोजन-पानी की तलाश में लोगों को बारूदी सुरंगों से भरी सड़कों पर जान जोखिम में डालनी पड़ती है। एक सड़क को स्थानीय लोग 'मौत की सड़क' कहते हैं।
दोनों पक्षों ने सहायता पहुंचाने और लोगों की आवाजाही के लिए मानवीय गलियारे बनाने की बात कही है। इसके लिए बारूदी सुरंगें हटानी होंगी, जिसमें कई दिन लग सकते हैं। हालांकि, ड्रोन हमलों का खतरा अब भी बना हुआ है।
ओलेश्की में स्थानीय युद्धविराम के बीच रूस ने मंगलवार रात राजधानी कीव पर फिर मिसाइल हमले किए। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, एक व्यक्ति की मौत हुई। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि 10 अन्य क्षेत्रों में ऊर्जा केंद्रों, रसद व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को भी निशाना बनाया गया।
इस बीच, फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब और नार्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की। इसके बाद दोनों नेताओं ने जेलेंस्की से भी बातचीत की। अमेरिकी प्रयासों के बावजूद युद्ध खत्म होने की राह कठिन है। रूस ने दोनेत्स्क क्षेत्र के शेष 20 प्रतिशत हिस्से से यूक्रेन की वापसी की मांग की है।
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
