प्रिंस हैरी और मेगन की सुरक्षा का खर्च नहीं उठाएगा कनाडा, जानें क्यों किया ऐसा
कनाडा की सरकार ने साफ कर दिया है कि मार्च से ब्रिटेन के प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन की सुरक्षा का खर्च नहीं उठाया जाएगा।
ओटावा, एएफपी। कनाडा की सरकार ने साफ कर दिया है कि मार्च से ब्रिटेन के प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन की सुरक्षा का खर्च नहीं उठाया जाएगा। यह शाही दंपती गत नवंबर से कनाडा के वेंकूवर द्वीप के विक्टोरिया में एक आलीशान घर में रह रहा है। हैरी और मेगन आधिकारिक तौर पर शाही परिवार से अलग हो चुके हैं। दोनों ने गत आठ जनवरी को यह एलान कर सबको चौंका दिया था कि वे शाही जिम्मेदारियां छोड़कर आर्थिक रूप से स्वतंत्र होना चाहते हैं।
अभी शाही दंपती को सुरक्षा मुहैया करा रही है रॉयल कनाडा माउंटेड पुलिस
कनाडा के जनसुरक्षा मंत्री बिल ब्लेयर ने गुरुवार को कहा, 'मार्च की शुरुआत से हैरी और मेगन को सरकारी खर्च पर सुरक्षा मुहैया नहीं कराई जाएगी। अभी रॉयल कनाडा माउंटेड पुलिस शाही दंपती को सुरक्षा मुहैया करा रही है, लेकिन आने वाले हफ्ते में यह सुविधा खत्म कर दी जाएगी।'
सर्वे में लोगों ने सुरक्षा का नहीं भुगतान करने को कहा
हालिया सर्वे में कनाडाई नागरिकों ने भी शाही जोड़ी को सरकारी खर्च पर सुरक्षा मुहैया कराए जाने पर सवाल उठाए थे। सर्वे में 77 फीसद लोगों ने माना था कि करदाताओं को ड्यूक और डचेज ऑफ ससेक्स की उपाधि रखने वाले प्रिंस हैरी और मेगन की सुरक्षा के लिए भुगतान नहीं करना चाहिए, क्योंकि वे कनाडा में ब्रिटिश महारानी के प्रतिनिधि के तौर पर नहीं रह रहे। कनाडा में संसदीय राजशाही व्यवस्था है और ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय शासन की प्रमुख हैं। हैरी और मेगन 31 मार्च को आधिकारिक तौर पर शाही जिम्मेदारियों से मुक्त हो जाएंगे।