बुल्गारिया के तट के पास दो जहाजों पर ड्रोन से हमला, एक डूबा तो दूसरे में लगी आग
बुल्गारिया के तट के पास काला सागर में दो वाणिज्यिक जहाजों पर ड्रोन से हमला हुआ, जिसमें एक जहाज डूब गया और दूसरे में आग लग गई।

बुल्गारिया के तट के पास दो जहाजों पर ड्रोन से हमला। (रॉयटर्स)
HighLights
बुल्गारिया के तट के पास दो जहाजों पर ड्रोन हमला हुआ।
एक जहाज 'अल्फा वतन' डूब गया, चालक दल लापता बताया जा रहा है।
दूसरे जहाज 'एबल' में आग लगी, चालक दल सुरक्षित निकाला गया।
डिजिटल डेस्क, सोफिया। बुल्गारिया के तट के समीप दो वाणिज्यिक जहाजों पर ड्रोन से हमला किया गया, जिसमें एक जहाज डूब गया तो दूसरे में आग लग गई। एक जहाज का चालक दल लापता बताया जा रहा है। यह काला सागर में किसी नाटो सदस्य देश के आर्थिक क्षेत्र में शिपिंग पर पहला हमला बताया जा रहा है। यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि किसने हमला किया या कहां से ड्रोन आए।
बुल्गारिया के प्रधानमंत्री रूमेन रादेव ने मंगलवार को कहा कि देश के विशेष आर्थिक क्षेत्र में दो जहाजों पर ड्रोन से हमला किया गया। यह देश के आर्थिक क्षेत्र में एक अस्वीकार्य हमला है। यह अंतरराष्ट्रीय कानून और समुद्री कानून का खुला उल्लंघन है।
उन्होंने बताया कि जहाजों पर बुल्गारिया के तट से 128 किलोमीटर दूर ड्रोन से हमला किया गया। सरकार की आपात बैठक के बाद रादेव ने कहा कि टोगो का झंडा लगे जहाज 'अल्फा वतन' बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बाद घटनास्थल पर ही डूब गया। चालक दल के बारे में तत्काल जानकारी मिल नहीं सकी। दूसरे जहाज 'एबल' में हमले के बाद आग लग गई।
पलाऊ के झंडे वाले इस जहाज के चालक दल के सभी 18 सदस्यों को एक बुल्गारियाई नौका से सुरक्षित निकाल लिया गया। दो नाविक गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें वार्ना बंदरगाह शहर के अस्पताल ले जाया गया।
रायटर्स के अनुसार, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि पूर्वी बुल्गारिया के तटीय शहर ब्याला के समीप ड्रोन से किसने हमला किया। हालांकि यूक्रेन से लड़ रहे रूस की ओर से हाइब्रिड हमलों को लेकर चिंता बढ़ गई है।
(समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)
