नाइजीरिया के राष्ट्रपति बुहारी ने फिर जीता चुनाव, मिले 56 फीसदी वोट
जीत के बाद अपनी आल प्रोग्रेसिव कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं से मुखातिब बुहारी ने कहा कि वह समस्याओं से निपटने की दिशा में काम करेंगे।
अबुजा, रायटर। नाइजीरिया के राष्ट्रपति मुहम्मद बुहारी चुनाव जीतकर लगातार दूसरी बार सत्ता हासिल करने में सफल रहे। देश के स्वतंत्र राष्ट्रीय चुनाव आयोग (आइएनईसी) के अध्यक्ष महमूद याकुबू ने 2015 से सत्ता पर काबिज बुहारी की जीत की घोषणा कर दी है। गत 23 फरवरी को हुए राष्ट्रपति चुनाव में बुहारी को 56 फीसद वोट मिले। जबकि उनके मुख्य प्रतिद्वंदी और पूर्व उपराष्ट्रपति अतिकु अबूबकर को 41 फीसद वोट से संतोष करना पड़ा। अबूबकर ने चुनाव नतीजों को खारिज कर दिया है।
अफ्रीका की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था नाइजीरिया में इस चुनाव के बाद बुहारी पर आर्थिक मंदी और आतंकियों से निपटने का दबाव रहेगा। जीत के बाद अपनी आल प्रोग्रेसिव कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं से मुखातिब बुहारी ने कहा कि वह समस्याओं से निपटने की दिशा में काम करेंगे। पूर्व सैन्य शासक रहे बुहारी ने भ्रष्टाचार मिटाने को अपनी प्राथमिकता बताया। हिंसा और अन्य तकनीकी खामियों के कारण कई बार टलने के बाद बीते शनिवार को देश में चुनाव कराया गया था। मतदान के दिन से भड़की हिंसा में अब तक 47 लोगों की जान जा चुकी है।