यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 23, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
BRICS summit 2023: BRICS में नए सदस्यों के चयन पर भारत की सहमति, 23 देशों ने जमा किए आवेदन
पांच देशों के समूह ब्रिक्स में नए सदस्यों के चयन पर आम सहमति बनाने पर भारत भी आगे आया है। ...और पढ़ें

HighLights
- ब्रिक्स के नए सदस्यों के चयन पर भारत की सहमति
- 23 देशों ने किया आवेदन
- ईरान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात मजबूत दावेदार
जोहानसबर्ग, एजेंसी। भारत ने पांच देशों के समूह ब्रिक्स (BRICS) में नए सदस्यों के चयन पर आम सहमति बनाने का बीड़ा उठाया है। सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को नेताओं के रिट्रीट के दौरान ब्रिक्स के विस्तार में महत्वपूर्ण विकास हासिल हुआ।
ब्रिक्स के नए सदस्यों के चयन पर भारत की सहमति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील के अपने समकक्षों के साथ लीडर्स रिट्रीट में शामिल हुए। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ब्रिक्स के वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए जोहान्सबर्ग नहीं गए हैं। सूत्रों ने कहा कि भारत ने सदस्यता मानदंड और ब्रिक्स के नए सदस्यों के चयन पर आम सहमति बनाई। उन्होंने कहा कि भारत के प्रयास नई दिल्ली के रणनीतिक साझेदारों को नए सदस्यों के रूप में शामिल करने के उद्देश्य से निर्देशित थे।
23 देशों ने किया आवेदन
विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने सोमवार को कहा कि विभिन्न देशों की समूह में शामिल होने में काफी रुचि है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की जोहान्सबर्ग यात्रा से पहले नई दिल्ली में एक ब्रीफिंग में कहा कि ब्रिक्स में शामिल होने के लिए तेईस देशों ने अपने आवेदन जमा किए हैं। इसमें ईरान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और अर्जेंटीना समूह की सदस्यता के लिए मजबूत दावेदार के रूप में उभरे हैं।
