Brazil: ब्राजील के साओ पाउलो में बड़ा हादसा, गोदाम का एक हिस्सा गिरने से 9 की मौत; 28 लोग हुए घायल
ब्राजील के साओ पाउलो शहर के गोदाम का एक हिस्सा मंगलवार को गिर गया। जिसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 28 लोग घायल हो गए। बता दें कि गोदाम का एक हिस्सा अचानक ही वहां मौजूद लोगों पर गिर गया था।
साओ पाउलो, एजेंसी। ब्राजील (Brazil) के शहर साओ पाउलो (Sao Paulo) में एक बड़ा हादसा सामने आया है। साओ पाउलो (Sao Paulo) में मंगलवार को एक गोदाम का हिस्सा गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई है, जबकि 28 अन्य घायल हो गए है। यह घटना उस समय हुई, जब दो उम्मीदवार यहां का दौरा कर रहे थे। तभी यह हादसा घटित हुआ। जिसमें 9 लोगों की जान चली गई।
हादसे में 9 लोगों की हुई मौत
दरअसल, उम्मीदवार जोन्स डोनिजेट और एली सैंटोस ब्राजील की कंटेनर कंपनी मल्टीटेनर में मौजूद थे। इसी दौरान गोदाम का एक हिस्सा वहां मौजूद कंपनी के कर्मचारियों के ऊपर गिर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। इस दौरान 28 लोग घायल हो गए और 9 लोगों की मौत हो गई।
दोनों उम्मीदवारों को बचाया गया
वहीं, हादसे के बारे में डोनिजेट ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी है। उन्होंने अपनी फेसबुक पोस्ट में बताया कि उन्हें और सैंटोस दोनों को बचा लिया गया है। लेकिन एक स्थानीय अग्निशमन विभाग ने बताया है कि इस हादसे में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है।
28 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
दमकल विभाग के अनुसार, इस हादसे के बाद 31 लोगों को बचा लिया गया है और इनमें से 28 लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हालांकि, एक प्रवक्ता ने कहा कि बचाव दल का मानना है कि अभी भी और लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। फिलहाल इसकी जांच की जा रही है।