रेशेदार आहार के सेवन से शरीर का ये अहम हिस्सा रहेगा हमेशा स्वस्थ और मजबूत
फाइबर, फैटी एसिड जोड़ों व हड्डियों को मजबूत करने के साथ उनकी कार्यक्षमता भी बढ़ाता है।
जर्मनी (प्रेट्र)। रोज सुबह के नाश्ते में रेशा (फाइबर) से भरपूर अन्न, फल और सब्जियों के सेवन से आपकी हड्डियां मजबूत रहेंगी। ऐसा भोजन ग्रहण करने से आप गठिया और जोड़ों के दर्द जैसी शिकायतों से मुक्त रहेंगे। जर्मनी के वैज्ञानिकों के अनुसार रेशा युक्त भोजन का सीधा असर आंत में मौजूद बैक्टीरिया पर पड़ता है।
यह बैक्टीरिया पाचन क्रिया के वक्त फाइबर को फैटी एसिड जैसे अन्य छोटे तत्वों में तोड़ देता है। फैटी एसिड जोड़ों व हड्डियों को मजबूत करने के साथ उनकी कार्यक्षमता भी बढ़ाता है। आंत में मौजूद यह बैक्टीरिया शरीर को ऊर्जा देने के साथ कई बार बीमारियों के जनक की तरह कार्य करने लगता है।
लेकिन फाइबर युक्त भोजन करने से बैक्टीरिया की संरचना परिवर्तित हो जाती है और अधिक से अधिक फैटी एसिड का निर्माण होता है। जर्नल नेचर कम्युनिकेशंस में प्रकाशित शोध में वैज्ञानिक मारियो जाइस ने कहा है कि इस अध्ययन की मदद से हड्डियों में होने वाली सूजन व अन्य रोगों के इलाज के लिए नए उपचार तलाशे जा सकेंगे।
यह भी पढ़ें : छोटे बच्चों को धूल से बचाने का काम करेगा खास तरह का रोबोट बेबी