यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 29, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बांग्लादेश में हिंदुओं के घरों में तोड़फोड़, सरकार कराएगी मरम्मत
बांग्लादेश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में एक हिंसक भीड़ ने हिंदू समुदाय के लगभग दो दर्जन घरों को तहस-नहस कर दिया। ...और पढ़ें

HighLights
- आपत्तिजनक पोस्ट के बाद दो दर्जन घरों में हिंसक भीड़ का उपद्रव
- पोस्ट करने वाला किशोर गिरफ्तार, किशोर पुनर्वास केंद्र भेजा गया
पीटीआई, ढाका। बांग्लादेश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में शनिवार को एक हिंसक भीड़ ने हिंदू समुदाय के लोगों के करीब दो दर्जन घरों को तहस-नहस किया है। हालांकि अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद युनूस के कार्यालय ने रंगपुर के गंगाचारा उपजिला में हुई हिंसा में क्षतिग्रस्त घरों की मरम्मत के आदेश जारी किए हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह हिंसा तब भड़की जब एक 17 वर्षीय हिंदू युवक ने फेसबुक पर पैगंबर के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। पुलिस ने इस किशोर को गिरफ्तार कर लिया है, जो एक निजी पॉलीटेक्निक संस्थान का तीसरे सेमेस्टर का छात्र है।
कब किया गया गिरफ्तार
गंगाचारा पुलिस स्टेशन के अधिकारी अल इमरान ने कहा कि पुलिस ने जब आरोप सही पाए तो उसे शनिवार को रात 8:30 बजे के आसपास हिरासत में लिया गया और पुलिस स्टेशन लाया गया। उसे अदालत के आदेश के बाद एक किशोर पुनर्वास केंद्र भेजा गया।
इस घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने शनिवार रात और फिर रविवार दोपहर को हिंदू समुदाय के कई घरों पर हमला किया और उन्हें नुकसान पहुंचाया। फिर स्थिति को सेना ने नियंत्रित किया। युनूस के कार्यालय ने कहा कि हिंसा में 12 हिंदू परिवारों को नुकसान पहुंचा है। पीड़ित पड़ोसी गांव में अपने रिश्तेदारों के घर रह रहे हैं।''
घरों को पहुंचा है नुकसान
जबकि रंगपुर के उप आयुक्त मोहम्मद रबियुल फैसल ने बताया कि 22 प्रभावित हिंदू परिवारों में से 19 के पुरुष सदस्य अब अपने घरों में रह रहे हैं, लेकिन महिला सदस्य अन्यत्र रह रही हैं क्योंकि उनके घरों को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय अधिकारी हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
