पिस्तौल लेकर ड्रग तस्करों पर छापा मारने पहुंचे बांग्लादेशी मंत्री, Video वायरल होने के बाद गई कुर्सी
बांग्लादेश के राज्य मंत्री इशराक हुसैन ने पिस्तौल के साथ ड्रग तस्करों के अड्डे पर छापा मारने के वीडियो विवाद के बाद इस्तीफा दे दिया।

राज्य मंत्री इशराक हुसैन ने पद से इस्तीफा दिया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश में पिस्तौल लेकर कथित तौर पर ड्रग तस्करों के अड्डे पर छापा मारने पहुंचे राज्य मंत्री ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने उन्हें पद छोड़ने के लिए कहा था, क्योंकि उनकी ओर से वीडियो अपलोड किए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया था।
मुक्ति युद्ध मामलों के मंत्रालय के राज्य मंत्री इशराक हुसैन ने शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया था। उसमें वे गाड़ी से बाहर निकलते दिख रहे हैं। उनके हाथ में पिस्तौल है।
साथ में सादे कपड़ों में कई अन्य लोग मौजूद हैं, जिनमें से कुछ के पास हैंडगन दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कैप्शन है, 'इशराक का एक्शन: ड्रग अड्डों को नष्ट किया गया और तस्करों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।'
बाद में वीडियो को हटा दिया गया, क्योंकि इस छापे को लेकर सार्वजनिक बहस छिड़ गई थी। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या किसी मंत्री का खुद किसी सशस्त्र अभियान का नेतृत्व करना उचित है।
वीडियो में हुसैन को अपने निर्वाचन क्षेत्र में गंडारिया रेलवे स्टेशन के पास एक झुग्गी-बस्ती में लोगों के एक समूह का पीछा करते हुए और पकड़ो-पकड़ो चिल्लाते हुए नजर आ रहे हैं।
उनके साथियों द्वारा पकड़े गए कुछ लोगों ने दावा किया कि वे बेकसूर हैं और उन्होंने छोड़े जाने की गुहार लगाई। हुसैन को यह कहते हुए सुना गया, 'पुलिस को आने दो, फिर बात होगी।'
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
