बांग्लादेश और अमेरिका ने नागरिक परमाणु ऊर्जा सहयोग पर किया समझौता, न्यूयॉर्क में MoU पर हुए हस्ताक्षर
बांग्लादेश और अमेरिका ने परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग में सहयोग बढ़ाने के लिए न्यूयॉर्क में एक रणनीतिक नागरिक परमाणु सहयोग समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

बांग्लादेश और अमेरिका ने रणनीतिक नागरिक परमाणु सहयोग पर समझौता किया (फोटो- ANI)
HighLights
बांग्लादेश और अमेरिका ने परमाणु सहयोग पर MoU पर हस्ताक्षर किए।
समझौता न्यूयॉर्क में हुआ, शांतिपूर्ण उपयोग पर केंद्रित है।
बांग्लादेश ऊर्जा स्रोतों के विस्तार के लिए प्रयासरत है।
डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश और अमेरिका ने परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण इस्तेमाल में सहयोग बढ़ाने के लिए रणनीतिक नागरिक परमाणु सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
बांग्लादेश की सत्ताधारी पार्टी बीएनपी के अनुसार, शुक्रवार को न्यूयार्क में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के विज्ञान और प्रौद्योगिकी सलाहकार रेहान असद और अमेरिका के आर्थिक विकास, ऊर्जा और पर्यावरण मामलों के अंडर सेक्रेटरी जैकब हेलबर्ग ने इस पर हस्ताक्षर किए।
यह समझौता ऐसे समय हुआ है, जब बांग्लादेश ऊर्जा स्रोतों का विस्तार और उनमें विविधता लाने की कोशिश कर रहा है। देश रूपपुर में अपना पहला परमाणु ऊर्जा संयंत्र बना रहा है और परमाणु विज्ञान और प्रौद्योगिकी में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की दिशा में काम कर रहा है।
इस एमओयू के तहत दोनों पक्षों ने अपने राजनयिक संबंधों के रणनीतिक महत्व और ऊर्जा सुरक्षा सहित क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा पर उनके असर को माना। उन्होंने दोनों देशों की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में परमाणु ऊर्जा की भूमिका पर भी ध्यान केंद्रित किया।
