ऑस्ट्रेलिया में बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर रोक निष्प्रभावी, सरकार बोली, बड़ी टेक कंपनियां नहीं कर रहीं सहयोग
ऑस्ट्रेलिया सरकार ने कहा है कि 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए इंटरनेट मीडिया पर रोक के ...और पढ़ें

ऑस्ट्रेलिया में बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर रोक निष्प्रभावी (फोटो- रॉयटर)
HighLights
सरकार ने कहा, बड़ी टेक कंपनियां नहीं कर रहीं सहयोग
असहयोग पर अर्थदंड दो गुना बढ़ाकर 6.8 करोड़ डॉलर किया
रॉयटर, सिडनी। ऑस्ट्रेलिया सरकार ने कहा है कि 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए इंटरनेट मीडिया पर रोक के उसके आदेश को प्रभावी बनाने के लिए बड़े मीडिया हाउस पर्याप्त कदम नहीं उठा रहे हैं।
इसके चलते सरकार ने अब कानून को कड़ा कर अर्थदंड को दो गुना करने का निर्णय लिया है। बच्चों के लिए लागू प्रतिबंध में सहयोग न करने वाली टेक मीडिया फर्मों पर 6.8 करोड़ डॉलर तक का अर्थदंड लगाने का निर्णय लिया गया है।
सरकार को पता चला है कि फर्म की ओर से मांगी गई ऑनलाइन सूचना में बच्चे अपनी उम्र छिपाकर इंटरनेट मीडिया से जुड़ जाते हैं और इसके बाद उसके दुष्प्रभावों के शिकार हो रहे हैं।
कुछ मामलों में बच्चों के संरक्षक गलत भूमिका निभाते देखे गए हैं। इस सिलसिले में जिन इंटरनेट मीडिया फर्मों की ढिलाई सामने आई है उनमें इंस्टाग्राम, फेसबुक, यूट्यूब, स्नैपचैट और टिकटाक को संचालित करने वाली कंपनियां प्रमुख हैं।
सरकार ने अपने प्रतिबंध के प्रभाव की समीक्षा आदेश लागू होने के छह महीने पूरे होने पर की थी। प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज ने कहा है कि बड़ी कंपनियों के पर्याप्त सहयोग न करने से अभी भी बड़ी संख्या में बच्चे इंटरनेट मीडिया से जुड़े हुए हैं। आने वाले समय में प्रतिबंध लागू करने के लिए और ज्यादा कड़े कदम उठाए जाएंगे।
ऑस्ट्रेलिया सरकार के बच्चों की इंटरनेट मीडिया पर पहुंच रोकने के आदेश की विश्व के कई देशों ने प्रशंसा की थी। कई देश इसे लागू करने पर विचार कर रहे हैं।
ब्रिटेन भी बच्चों के लिए इंटरनेट मीडिया से जुड़ने के नियम बनाने जा रहा है। जर्मनी भी ऐसा ही करने पर विचार कर रहा है। ऐसा बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।
