विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में रैपर बालेंद्र की पार्टी भारी जीत की ओर, 137 सीटों में से 100 पर बढ़त जारी; ओली पिछड़े

Published: Sat, 07 Mar 2026 06:16 AM (GMT+05:30)Updated: Sat, 07 Mar 2026 06:59 AM (GMT+05:30)

नेपाल में रैपर से राजनेता बने 35 वर्षीय बालेंद्र (बालेन) शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) प्रतिनिधि सभा के लिए ...और पढ़ें

नेपाल में रैपर बालेंद्र की पार्टी भारी जीत की ओर (फोटो- एक्स)

नेपाल में रैपर बालेंद्र की पार्टी भारी जीत की ओर (फोटो- एक्स)

HighLights

  1. मतगणना में 137 सीटों में से 100 पर आरएसपी के प्रत्याशी आगे

  2. झापा में बालेंद्र के सामने ओली पिछड़े, प्रचंड प्रतिद्वंद्वियों पर भारी

रॉयटर, काठमांडू। नेपाल में रैपर से राजनेता बने 35 वर्षीय बालेंद्र (बालेन) शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) प्रतिनिधि सभा के लिए हुए चुनाव में भारी जीत की ओर बढ़ रही है। नवीनतम मतगणना मे नेपाल भर के 101 निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रहे हैं। उनकी पार्टी ने सीपीएन-यूएमएल के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली पर, उनके गृह क्षेत्र झापा-5 से अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है।

सितंबर 2025 में जेन जेड के हिंसक आंदोलन से अपदस्थ हुई केपी शर्मा ओली सरकार के स्थान पर सरकार के गठन के लिए गुरुवार को नेपाल में मतदान हुआ था। ये चुनाव सुशीला कार्की की अंतरिम सरकार की देखरेख में हुए हैं।

चुनाव आयोग के अनुसार जिन 137 संसदीय क्षेत्रों में मतगणना हो रही है उनमें से 100 में आरएसपी के प्रत्याशी प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बनाए हुए हैं। गगन थापा की नेपाली कांग्रेस और ओली की नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (यूएमएल) के प्रत्याशी छह-छह सीटों पर आगे चल रहे हैं। जिन दो सीटों के चुनाव परिणाम घोषित हुए हैं उनमें से काठमांडू-1 सीट आरएसपी ने और मस्तांग सीट नेपाली कांग्रेस को मिली है।

चुनाव परिणामों पर भारत की पेनी नजर है। भारत चाहता है कि नेपाल में उसके हितों की सुरक्षा करने वाली स्थिर सरकार गठित हो जिससे वहां पर चीन के बढ़ते प्रभाव को संतुलित किया जा सके।

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि हम नेपाल की नई सरकार के साथ काम करते हुए बहुआयामी सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना चाहते हैं। इससे दोनों देशों के लोगों को लाभ होगा।

बालेंद्र शाह काठमांडू के मेयर भी हैं और वह झापा-5 संसदीय सीट पर चार बार के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली पर बढ़त बनाए हुए हैं। अभी तक की मतगणना में बालेंद्र को 6,090 वोट मिले हैं जबकि ओली को अपने प्रभाव वाले क्षेत्र में महज 1,248 वोट मिले हैं। जबकि रुकुम पूर्व सीट से चुनाव लड़ रहे पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड 5,924 वोट प्राप्त कर प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रहे हैं।

आरएसपी के प्रत्याशी राजधानी काठमांडू की सभी 10 संसदीय सीटों पर आगे चल रहे हैं। गुरुवार को प्रतिनिधि सभा की 275 सीटों के लिए 60 प्रतिशत मतदान हुआ था। 275 में से 165 सीटों के सदस्य मतदाताओं के द्वारा सीधे चुने जाएंगे जबकि बाकी के 110 सदस्यों का चुनाव संसद के भीतर निर्वाचित सांसद करेंगे। दूरदराज के इलाकों से मतपेटियां लाई जा रही हैं। सभी सीटों के चुनाव परिणाम आने में एक-दो दिन का समय लग सकता है।