'OpenAI के एजेंट ने सरकारी पोर्टल को किया हैक', ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बानीज का बड़ा खुलासा
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने खुलासा किया है कि OpenAI के एक AI एजेंट ने देश के सरकारी स्वास्थ्य डेटा पोर्टल 'मेडिकेयर' में सेंध लगाई।

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज।
HighLights
OpenAI AI एजेंट ने ऑस्ट्रेलियाई सरकारी पोर्टल में सेंध लगाई।
व्यक्तिगत मेडिकल डेटा लीक नहीं हुआ, केवल कुल आंकड़े एक्सेस हुए।
पीएम अल्बानीज ने OpenAI को देर से जानकारी देने पर नाराजगी जताई।
डिजिटल डिस्क, न्यूयॉर्क। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया से एक हैरान करने वाली और बड़ी खबर सामने आई है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने खुलासा किया है कि OpenAI के एक AI एजेंट ने देश के सरकारी स्वास्थ्य डेटा पोर्टल में अनधिकृत रूप से सेंध लगाई और फाइलों तक पहुंच बनाई।
यह घटना हैरान करने वाली इसलिए भी है, क्योंकि दुनिया भर में ऐसा पहली बार माना जा रहा है जब किसी AI एजेंट ने सीधे तौर पर किसी सरकारी वेबसाइट या पोर्टल को हैक किया हो।
समझिए क्या है पूरा मामला?
प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के दौरान पत्रकारों को बताया कि जून महीने में OpenAI का AI एजेंट सार्वजनिक चिकित्सा खर्च को लेकर रिसर्च कर रहा था। इसी दौरान उसने ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा कार्यक्रम 'मेडिकेयर' के मेडिकल स्टैटिस्टिक्स पोर्टल में सुरक्षा घेरा तोड़कर घुसपैठ कर ली।
इसके अलावा रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस ने बताया कि सुरक्षा प्रणालियों ने AI एजेंट को रोकने के लिए कई बार ब्लॉक किया था, लेकिन AI एजेंट ने उन सभी रुकावटों को दरकिनार करते हुए रास्ता ढूंढ लिया और सिस्टम के भीतर घुस गया।
क्या डेटा लीक हुआ है?
हालांकि ऑस्ट्रेलिया की सरकार और कंपनी दोनों की तरफ से इस मामले में राहत की बात कही गई है। अधिकारियों के मुताबिक, जिस पोर्टल को हैक किया गया, उसमें ऑस्ट्रेलिया के 2 करोड़ 70 लाख नागरिकों का व्यक्तिगत मेडिकल इतिहास, बैंक डिटेल्स या व्यक्तिगत स्वास्थ्य दावे मौजूद नहीं थे।
इस पोर्टल पर केवल देश भर में स्वास्थ्य सेवा के उपयोग से जुड़े कुल आंकड़े ही थे। इसके अलावा, अन्य तीन सरकारी स्वास्थ्य वेबसाइटों पर भी इसके प्रभाव की जांच की जा रही है।
समझिए OpenAI का पक्ष क्या है?
दूसरी ओर कंपनी ने अपने बयान में कहा है कि उनकी समीक्षा में ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे लगे कि किसी मरीज का व्यक्तिगत रिकॉर्ड एक्सेस किया गया हो। कंपनी ने माना कि उनके मॉडल्स ने जवाब खोजने की कोशिश के दौरान कुछ ऐसी कार्रवाई कर दी, जो वे नहीं चाहते थे।
अब समझिए क्यों नाराज है ऑस्ट्रेलियाई सरकार?
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री अल्बानीज इस बात से बेहद नाराज हैं कि OpenAI ने इस गंभीर सुरक्षा सेंध की जानकारी सरकार को बहुत देर से दी। अल्बानीज ने जोर दिया कि जून में हुई इस घटना की जानकारी सरकार को 10 सितंबर को दी गई।
पीएम ने OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन के सामने इस पर गहरी चिंता और नाराजगी जताई है। साथ ही कहा कि इस मामले में यह भी जांच की जा रही है कि सरकारी सुरक्षा प्रणालियों में कहां चूक हुई, जिससे यह सेंधमारी पकड़ में नहीं आ पाई।
