ऑस्ट्रेलिया: लाइव कवरेज के दौरान रिपोर्टर बना देवदूत, बाढ़ में डूब रही कार के ड्राइवर की बचाई जान
ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में भारी बारिश के दौरान एक कार बाढ़ के पानी में डूबने लगी, जिसे देख एक न्यूज रिपोर्टर और राहगीर ने ड्राइवर को बचाया।

रिपोर्टर और राहगीर ने बाढ़ में डूबती कार से ड्राइवर को बचाया (स्क्रीनग्रैब)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, कैनबरा । ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में भारी बारिश के दौरान एक कार पानी में डूबने लगी, जिसे देख मौके पर मौजूद एक न्यूज रिपोर्टर और एक राहगीर ने अपनी जान जोखिम में डालकर बाढ़ के पानी में डूब रही कार से ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
'पीपल' की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना गुरुवार, 22 अक्टूबर को ब्रिस्बेन के उत्तर में मोरेफील्ड के बुकानन रोड पर हुई। यहां गहरे पानी से गुजरते समय कार बंद हो गई थी। इसके बाद कार चालक पानी से बाहर निकलने की कोशिश करने लगा, लेकिन , गाड़ी बंद हो गई और डूबने लगी।
कड़ी मशक्कत के बाद निकाला बाहर
इसी दौरान एबीसी न्यूज के रिपोर्टर विल मरे जब बाढ़ की लाइव कवरेज कर रहे थे, तभी उन्होंने एक कार को पानी के तेज बहाव में फंसकर डूबते देखा। इसके बाद उन्होंने राहगीर डैनियल हेनी के साथ मिलकर पानी में छलांग लगाई और कार का दरवाजा न खुलने पर मशक्कत कर ड्राइवर को बाहर निकाला। कार से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद कार पूरी तरह पानी में समा गई।
ड्राइवर ने लगाया गले
सुरक्षित बाहर निकाले जाने पर ड्राइवर ने बहुत राहत महसूस की। विल ने बताया कि उन्होंने पानी में और सुरक्षित जगह पर पहुंचने के बाद, उस आदमी को गले लगाया। ड्राइवर ने उन्हें बताया कि उसे अंदाजा ही नहीं था कि पानी कितना गहरा है, और जो कुछ हुआ उससे वह बुरी तरह डर गया था।
विल मरे ने बताया कि शुरुआत में उन्हें ड्राइवर दिखाई दिया, लेकिन कुछ ही सेकंड में वह उनकी नजरों से ओझल हो गया। इसके बाद उन्होंने मदद करने के लिए पानी में कूदने का फैसला किया।
पानी में उतरने से पहले, मरे ने अपना फोन - जिससे उसने इमरजेंसी सेवाओं को कॉल किया था। अपनी कैमरा ऑपरेटर लिज पिकरिंग को दे दिया। इसके बाद वह हेनी के साथ कार की तरफ तैरकर गया।
10 मिनट बाद पहुंची इमरजेंसी सेवाएं
राहगीर डैनियल हेनी ने भी कहा कि ड्राइवर बहुत किस्मत वाला था जो इस हादसे में बच गया। बचाव कार्य के लगभग 10 मिनट बाद इमरजेंसी सेवाएं वहां पहुंचीं और उन्होंने ड्राइवर से बात की। वहीं, पिकरिंग ने दोनों आदमियों की कोशिशों की तारीफ की और कहा कि उन्होंने निस्संदेह ड्राइवर की जान बचाई है।
