द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान डूबा ऑस्ट्रेलियाई जहाज मिला, जानें कैसे 83 साल बाद खोजा गया
एसएस आयरन क्राउन नामक यह मालवाहक पोत 4 जून 1942 को विक्टोरिया से दक्षिणी तट की ओर जाते वक्त जापानी पनडुब्बी से दागे गए टॉरपीडो की चपेट में आ गया था।
सिडनी, एएफपी। द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान जापानी पनडुब्बी के हमले में समुद्र में डूबे ऑस्ट्रेलियाई जहाज का पता लगा लिया गया है। ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया प्रांत की सरकार के अधीन काम करने वाली हेरिटेज विक्टोरिया एजेंसी के पुरातत्वविदों ने देश के दक्षिण पूर्वी तट के पास इस जहाज के मलबे की खोज की है।
पुरातत्वविदों के अनुसार, 100 मीटर लंबा यह जहाज अब भी ठीक-ठाक स्थिति में है। एसएस आयरन क्राउन नामक यह मालवाहक पोत 4 जून, 1942 को विक्टोरिया से दक्षिणी तट की ओर जाते वक्त जापानी पनडुब्बी से दागे गए टॉरपीडो की चपेट में आ गया था।
इस हमले के 60 सेकेंड के भीतर ही जहाज डूब गया था और उस पर सवार 43 में से 38 लोगों की मौत हो गई थी। जापान ने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान जून, 1942 से 1943 के बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट पर 13 पनडुब्बी भेजी थीं।
उनके हमलों से 22 जहाज डूबे और 194 लोगों की जान गई थी। पुरातत्वविदों ने जहाज का पता लगाने के लिए सोनार तरंगों (पानी के अंदर भेजी जाने वाली तरंगें) की मदद ली। फिर ड्रॉप कैमरे से उसकी तस्वीर भी उतारी।