लेबनान में संयुक्त राष्ट्र मिशन पर हमला, फ्रांसीसी सैनिक की मौत; मैक्रों ने हिजबुल्ला को ठहराया जिम्मेदार
दक्षिणी लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन (यूएनआइएफआइएल) पर हुए हमले में एक फ्रांसीसी सैनिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

लेबनान में संयुक्त राष्ट्र मिशन पर हमला, फ्रांसीसी सैनिक की मौत (फोटो- रॉयटर)
HighLights
मैक्रों ने हिजबुल्ला को ठहराया जिम्मेदार, आतंकी संगठन ने किया इनकार
युद्धविराम के बावजूद इजरायल ने लेबनान में की हवाई कार्रवाई
रॉयटर, पेरिस। दक्षिणी लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन (यूएनआइएफआइएल) पर हुए हमले में एक फ्रांसीसी सैनिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने शनिवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि शुरुआती सबूत ईरान समर्थित संगठन हिजबुल्ला की संलिप्तता की ओर इशारा करते हैं। हालांकि, हिजबुल्ला ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए घटना में शामिल होने से इन्कार किया है। वहीं, लेबनान ने मामले की जांच की बात कही है।
मैक्रों ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है और लेबनान सरकार से इस हमले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने इसे शांति मिशन पर गंभीर हमला बताते हुए अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करार दिया।उधर, लेबनान के विदेश मंत्रालय ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने का आश्वासन दिया है।
मंत्रालय ने कहा कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और हमलावरों की पहचान कर उन्हें जवाबदेह ठहराया जाएगा। साथ ही बयान में यह भी कहा गया कि यूएनआइएफआइएल बलों को इजरायली सेना और हिजबुल्ला से जुड़े तत्वों द्वारा बार-बार उल्लंघनों का सामना करना पड़ रहा है।
इस बीच, इजरायली सेना ने भी दक्षिणी लेबनान में हवाई कार्रवाई की पुष्टि की है। इजरायल डिफेंस फोर्स (आइडीएफ) के अनुसार, उसकी वायुसेना ने एक आतंकी सेल को निशाना बनाते हुए उसे खत्म कर दिया, जो सीमा के पास उसके सैनिकों के लिए खतरा बन रहा था। सेना का कहना है कि यह कार्रवाई युद्धविराम के बावजूद संभावित हमलों को रोकने के लिए की गई।
