दक्षिण कोरिया में तूफान से लाखों घरों की बिजली गुल, जहाज लापता, 150 किमी की रफ्तार से चली हवाएं
दक्षिण कोरिया में तूफान से लाखों घरों की बिजली गुल जहाज लापता 150 किमी की रफ्तार से चली हवाएं
सियोल, एपी। दक्षिण कोरिया के दक्षिणी और पूर्वी तटीय इलाकों से गुरुवार को एक शक्तिशाली तूफान के टकराने से तेज हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई। इसके चलते जहां लाखों घरों की बिजली गुल हो गई, तो वहीं एक व्यक्ति की मौत के साथ दर्जनों घरों को नुकसान पहुंचने की खबर है। समुद्र में एक जहाज भी लापता हो गया है। इस पर 42 सदस्यीय चालक दल और 5,800 से ज्यादा गायें लदी हैं। जहाज की तलाश की जा रही है।
मयसक तूफान के चलते करीब 150 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। तूफान के चलते सैकड़ों पेड़ उखड़ गए और दर्जनों गाडि़यां पलट गई। दक्षिण कोरिया के गृह और सुरक्षा मंत्रालय ने बताया कि बुसान के समीप चार परमाणु रिएक्टर बिजली समस्या के चलते बंद हो गए। रेडियोएक्टिव पदार्थ का रिसाव नहीं हुआ। तूफान के कारण दो लाख 78 हजार से ज्यादा घरों की बिजली चली गई। 750 से अधिक घरेलू उड़ानें रद करने के साथ दक्षिणी और पूर्व क्षेत्रों में रेल सेवा भी रोक दी गई।
तूफान मयसक बृहस्पतिवार को सोकचो शहर के पूर्वी तट पर था लेकिन अब यह उत्तर कोरिया की तरफ बढ़ रहा है। ऐसी संभावना है कि यह तूफान कुछ घंटों में कमजोर होकर उष्णकटिबंधीय तूफान में बदल जाएगा। उत्तर कोरिया के सरकारी चैनल ने दिखाया कि पूर्वी तटीय शहरों वॉनसन और तानचोन में बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। वहीं जापान के तटरक्षक मवेशी से भरे एक जहाज की तलाश कर रहे हैं जिसमें चालक दल के 42 सदस्य सवार थे।
तूफान के बीच जहाज ने दक्षिणी जापानी द्वीप से मदद के लिए कॉल किया था जिसके बाद बचाव दल ने चालक दल के एक सदस्य को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तूफान की वजह से दक्षिण कोरिया के 2,400 से ज्यादा लोगों को घर से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बाढ़ की वजह से दर्जनों घर और वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं बुसान के दक्षिणी हिस्से में खिड़की के शीशे से घायल हुई एक महिला की बाद में मौत हो गई।