Move to Jagran APP

इटली में कोरोना से त्राहिमाम, शवों को हटाने के लिए लगाई गई सेना, लॉकडाउन की ओर लंदन, जानें दुनिया का हाल

कोरोना वायरस से इटली में त्राहिमाम की स्थिति है। इटली के बर्गमो शहर में शवों को हटाने के लिए सेना तैनात करनी पड़ी है। ईरान में हालात बेहद खराब हो गए हैं। जानें दुनिया का हाल....

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Thu, 19 Mar 2020 10:28 PM (IST)Updated: Fri, 20 Mar 2020 12:34 AM (IST)
इटली में कोरोना से त्राहिमाम, शवों को हटाने के लिए लगाई गई सेना, लॉकडाउन की ओर लंदन, जानें दुनिया का हाल
इटली में कोरोना से त्राहिमाम, शवों को हटाने के लिए लगाई गई सेना, लॉकडाउन की ओर लंदन, जानें दुनिया का हाल

मिलान, रायटर। कोरोना वायरस से बुरी तरह प्रभावित इटली मौतों के मामले में चीन से आगे निकल गया है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान यहां 427 लोगों की मौत हुई है। इस यूरोपीय देश में अब तक 3405 लोग अपनी जान गवां चुके हैं। जबकि चीन में 3245 लोगों की जान गई है। महामारी के केंद्र उत्तरी इटली के बर्गमो शहर में शवों को हटाने के लिए सेना तैनात करनी पड़ी है। मिलान शहर से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित बर्गमो के एक निवासी द्वारा बनाए गए एक वीडियो को स्थानीय अखबार इको डी बर्गमो ने अपनी वेबसाइट पर साझा किया है। वीडियो में रात के वक्त बर्गमो की सड़कों पर सेना के ट्रकों की लंबी कतार दिख रही है। इन ट्रकों में शहर के कब्रिस्तान से हटाए गए ताबूतों को रखा जा रहा है। 

loksabha election banner

इटली में रोजाना 24 शवों का अंतिम संस्‍कार

कब्रिस्तान के प्रभारी जियोकोमो एंजेलोनी ने बताया कि रोजाना 24 शवों का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। यह संख्या रोजाना की अधिकतम क्षमता से दोगुनी है। पूरे इटली में बुधवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 475 मौतें हुई थीं। 300 से ज्यादा मौतें अकेले लोंबार्डिया क्षेत्र में हुई। इटली के इसी क्षेत्र में आने वाले बर्गमो में चार हजार से ज्यादा लोग संक्रमित पाए गए हैं। कोरोना वायरस के चलते छह करोड़ की आबादी वाला इटली पूरी तरह लॉकडाउन है। 25 मार्च को खत्म होने वाले इस लॉकडाउन को बढ़ाने का एलान कर दिया गया है। इस यूरोपीय देश में स्कूल, कॉलेज, रेस्तरां, पब, सिनेमा हॉल और संग्रहालय पूरी तरह बंद हैं।

ईरान में 149 की मौत, दस हजार कैदियों को और मिलेगी माफी

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि मुल्क में बीते 24 घंटे के दौरान 149 और पीडि़तों की मौत हो गई। इसे लेकर मरने वालों का आंकड़ा 1284 हो गया है। देश में 1,048 नए मामले पाए गए हैं। वायरस की रोकथाम के प्रयास में ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामनेई दस हजार से ज्यादा कैदियों की सजा और माफ करेंगे।

दुनिया में मृतकों की संख्या नौ हजार के पार

दुनियाभर में कोरोना वायरस से जान गंवाने वालों का आंकड़ा नौ हजार के पार हो गया है। अब तक 9020 मौतें हो चुकी हैं। सबसे ज्यादा मामले यूरोप से सामने आ रहे हैं। यह खतरनाक वायरस विश्व के 172 देशों में पहुंच चुका है।

दुनिया में ऐसे हैं हालात

- स्पेन में 24 घंटे में मरने वालों की संख्या 30 फीसद बढ़ी

- जर्मनी में एक दिन में 2801 नए मामलों के साथ संक्रमित लोगों की संख्या 10,999 हुई

- रूस में कोरोना वायरस से पहली मौत, अब तक 147 मामले सामने आए

- नेपाल ने यूरोप, पश्चिम एशिया, जापान से आने वाले यात्रियों पर रोक लगाई

- बांग्लादेश में भी पहले रोगी की गई जान, अब तक 14 संक्रमित

- ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इजरायल ने विदेशियों के लिए अपनी सीमाएं बंद कीं

- बेल्जियम में 309 नए पीडि़तों के साथ संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 1795 हुई

सर्वाधिक प्रभावित देश

देश - मौत - संक्रमित

चीन - 3,245 - 80,928

इटली - 2978 - 35,713

ईरान - 1284 - 18,407

स्पेन - 767 - 17147

फ्रांस - 264 - 9134

अमेरिका - 116 - 9269

ब्रिटेन - 104 - 2626

दक्षिण कोरिया - 91 - 8565

नीदरलैंड्स - 58 - 2051

जर्मनी - 28 - 10,999

लॉकडाउन की ओर बढ़ रहा लंदन

यूरोप में इटली के बाद ब्रिटेन की राजधानी लंदन भी लॉकडाउन की ओर बढ़ रहा है। लंदन के 40 अंडरग्राउंड स्टेशनों को बंद करने पर विचार हो रहा है। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन कोरोना वायरस के प्रकोप से निपटने के लिए सख्त उपायों पर विचार कर रहे हैं। देशभर में स्कूलों को बंद करने का आदेश देने के बाद जॉनसन ने बुधवार को कहा था कि लंदन को लॉकडाउन करने जैसे कदम से इन्कार नहीं किया जा रहा। लंदन में 20 हजार सैनिकों को आपात स्थिति के लिए तैयार रहने के लिए कहा गया है। महारानी एलिजाबेथ भी लंदन से दूर अपने विंडसर महल में रहने जा रही हैं। ब्रिटेन में अब तक 2,626 मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से 953 अकेले लंदन में सामने आए हैं। जर्मनी में भी सेना को तैयार रहने को कहा गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.