चिली में सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन, सड़कों पर उतरे 10 लाख से ज्यादा प्रदर्शनकारी
चिली के सैंटियागो में राष्ट्रपति सेबेस्टियन पिनेरा के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में जुटी लाखों की भीड़ का है।
सैंटियागो, एएफपी। चिली में सामाजिक और आर्थिक असमानता को लेकर सरकार के खिलाफ लोगों का गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। राष्ट्रपति सेबेस्टियन पिनेरा के इस्तीफे और आर्थिक सुधारों की मांग को लेकर शुक्रवार को दस लाख से ज्यादा लोग सड़कों पर उतर आए। चिली में यह अब तक का सबसे बड़ा सरकार विरोधी प्रदर्शन माना जा रहा है।
राष्ट्रपति ने ट्वीट के जरिये कहा कि उन्होंने संदेश सुन लिया है। साथ ही इन प्रदर्शनों को सकारात्मक और बदलाव का जरिया भी करार दिया। जबकि सैंटियागो की गवर्नर कार्ला रुबिलर ने ट्विटर पर प्रदर्शन को ऐतिहासिक करार दिया और नए चिली के सपने को दर्शाने वाले एक शांतिपूर्ण मार्च के तौर पर इसकी सराहना की। उन्होंने बताया कि देशभर में दस लाख से ज्यादा लोगों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। जबकि पुलिस आंकड़ों के अनुसार, राजधानी सैंटियागो में मार्च में करीब आठ लाख 20 हजार लोग शामिल हुए थे।
इस कारण हो रहे विरोध प्रदर्शन
चिली में बढ़ती सामाजिक और आर्थिक असमानता को लेकर पिछले एक हफ्ते से विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। ये लोग कम मजदूरी और पेंशन के साथ ही महंगी स्वास्थ्य सेवाएं व शिक्षा के अलावा अमीर-गरीब के बीच बढ़ती खाई के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।
प्रदर्शनों में 584 लोग घायल
नेशनल ह्यूमन राइट्स इंस्टीट्यूट ने बताया कि सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान हुई ¨हसा में 584 लोग घायल हुए। इनमें से करीब 245 फायरिंग में जख्मी हुए। जबकि 2410 लोग हिरासत में लिए गए। माना जा रहा है कि घायलों की संख्या में और बढ़ सकती है।