ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में हार के बाद बोल्सोनारो देश छोड़कर अमेरिका चले गए, जांच एजेंसियां हुईं सक्रिय
ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में हार का सामना करने वाले फ्लावियो बोल्सोनारो देश छोड़कर अमेरिका चले गए हैं। कई मीडिया ...और पढ़ें

ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में हार के बाद बोल्सोनारो देश छोड़कर अमेरिका चले गए
HighLights
बोल्सोनारो ने चुनाव में हार स्वीकार नहीं की है और मतदान में धांधली के आरोप लगाए
लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने बोल्सोनारो को 40 लाख वोटों के अंतर से हराया
बोल्सोनारो को अपना सामान्य और राजनयिक पासपोर्ट जमा करने का दिया गया था आदेश
एपी, साओ पाउलो। ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में हार का सामना करने वाले फ्लावियो बोल्सोनारो देश छोड़कर अमेरिका चले गए हैं। कई मीडिया रिपोर्टों में मंगलवार को यह दावा किया गया। हालांकि, उनके प्रवक्ता ने इस संबंध में पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया है।
बोल्सोनारो को सोमवार को अपना सामान्य और राजनयिक पासपोर्ट जमा करने का आदेश दिया गया था। इसके लिए मंगलवार दोपहर तक की समयसीमा निर्धारित थी।
यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि उन्होंने पासपोर्ट जमा किया या नहीं। उनके भाई एडुआर्डो बोल्सोनारो, जो अमेरिका के टेक्सास में रहते हैं, ने चुनाव हारने की स्थिति में उन्हें ब्राजील छोड़ने की सलाह दी थी।
बोल्सोनारो ने चुनाव में हार स्वीकार नहीं की है और मतदान में धांधली के आरोप लगाए हैं। उन्होंने चुनाव परिणाम रद करने और निर्वाचित राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा तथा उपराष्ट्रपति गेराल्डो अल्कमिन की उम्मीदवारी रद करने की मांग भी की है।
लूला को 6.4 करोड़ से अधिक वोट मिले, जबकि फ्लावियो को छह करोड़ से कम मत प्राप्त हुए। दोनों के बीच करीब 40 लाख वोटों का अंतर रहा। चुनाव परिणाम को पलटने के लिए बोल्सोनारो को धांधली के ठोस सुबूत पेश करने होंगे और चुनावी अदालत को इस संबंध में संतुष्ट करना होगा।
फ्लावियो बोल्सोनारो ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे हैं। जायर 2022 के चुनाव में हार के बाद तख्तापलट की कोशिश के मामले में 27 साल की सजा काट रहे हैं और नजरबंद हैं।
फ्लावियो बोल्सोनारो पर भ्रष्टाचार, मनी लांड्रिंग और कर चोरी से जुड़े दो मामलों में भी जांच चल रही है। उन्होंने दोनों मामलों में किसी भी गलत काम से इन्कार किया है।
ट्रंप ने लूला की जीत को बताया धांधली
रॉयटर के अनुसार, अपने देश में मध्यावधि चुनाव में जुटे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में वामपंथी लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा की अप्रत्याशित जीत धांधली लगती है।
उन्होंने बगैर कोई सुबूत दिए पत्रकारों से कहा, मैंने किसी का पक्ष नहीं लिया, लेकिन यह एक और धांधली वाला चुनाव लग रहा है। बता दें कि ब्राजील में रविवार को हुए चुनाव में मौजूदा राष्ट्रपति लूला की जीत हुई और चौथी बार राष्ट्रपति बनेंगे। वह ट्रंप के मुखर आलोचक हैं।
