थाइलैंड में चार साल बाद सियासी गतिविधियों से रोक हटी
थाइलैंड की सैन्य सरकार ने चार साल बाद सियासी गतिविधियों पर लगी रोक हटा दी है। इससे देश में आम चुनाव कराए जाने का रास्ता साफ हो गया।
बैंकॉक, एएफपी/रायटर। थाइलैंड की सैन्य सरकार ने चार साल बाद सियासी गतिविधियों पर लगी रोक हटा दी है। इससे देश में आम चुनाव कराए जाने का रास्ता साफ हो गया। चुनाव आयोग ने मंगलवार को एलान किया कि अगले साल 24 फरवरी को चुनाव कराए जाएंगे। साल 2014 में तख्तापलट कर सत्ता पर काबिज होने वाली सेना ने सियासी गतिविधियों पर रोक लगा दी थी।
सेना ने लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई तत्कालीन प्रधानमंत्री यिंगलुक शिनवात्रा की सरकार का तख्तापलट किया था। इसके बाद देश में कई महीनों तक विरोध प्रदर्शनों का दौर चला था। सेना ने तब सियासी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कड़े प्रतिबंध लगा दिए थे।
अब यह रोक हटने से उम्मीद जताई जा रही है कि इस दक्षिण-पूर्व एशियाई देश में फिर से लोकतंत्र बहाल हो सकेगा। सेना ने इससे पहले गत सितंबर में सियासी पार्टियों के गठन की अनुमति दी थी। अपने नए आदेश में सेना ने कहा है, 'लोग और राजनीतिक दल संविधान के अनुसार चुनाव की अवधि तक सियासी गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगे।'