कड़े विरोध के बाद मलेशिया में ब्याही गई बच्ची अपने देश थाइलैंड लौटी
बच्ची की शादी की खबर सोशल मीडिया में फैल गई थी जिसके बाद से विभिन्न साइटों पर बाल विवाह को खत्म करने के लिए अभियान चलाया जा रहा था।
बैंकाक [एएफपी]। 11 साल की उम्र में 41 वर्षीय मलेशियाई व्यापारी से ब्याही गई बच्ची कड़े विरोध के बीच अपने देश थाइलैंड लौट आयी। बच्ची की शादी की खबर सोशल मीडिया में फैल गई थी जिसके बाद से विभिन्न साइटों पर बाल विवाह को खत्म करने के लिए अभियान चलाया जा रहा था।
उल्लेखनीय है कि 16 से कम उम्र के मलेशियाई मुस्लिम धार्मिक न्यायालय की अनुमति से शादी कर सकते हैं। बच्ची का निकाह बीते जून में मलेशिया की सीमा से लगे थाइलैंड के मुस्लिम बहुल प्रांत नाराथिवत में हुआ था। व्यापारी की यह तीसरी शादी थी।
नाारथिवत के गर्वनर सुरोपोर्न प्रोमूल ने बताया, 'थाइलैंड का कानून इस विवाह को मान्यता नहीं देता है लेकिन यह शादी इस्लामिक परिषद के तत्वावधान में हुई है। बच्ची के माता-पिता भी इस पर सहमत थे। इस कारण हम इसे निरस्त नहीं कर सकते हैं। यदि उस व्यक्ति ने मलेशिया में शादी की अनुमति नहीं ली होगी तो उसे छह महीने की कैद हो सकती है।' बच्ची को मानसिक स्वास्थ्य की काउंसलिंग के लिए भेजा गया है। उसके माता-पिता थाइलैंड के हैं और मलेशिया के रबड़ प्लांट में मजदूरी करते हैं।
अंतरराष्ट्रीय संस्था यूनिसेफ ने इस घटना की निंदा करते हुए सरकार से बाल विवाह पर कानून बनाने को कहा है। सामाजिक कार्यकर्ताओं के अनुसार मलेशिया में 15 वर्ष से कम उम्र की 16 हजार बच्चियां विवाहित हैं।