अफगानिस्तान: तालिबान ने पुलिस चौकी पर किया हमला, 15 पुलिसकर्मियों की मौत
अफगानिस्तान में तालिबान ने एक बार फिर हमला कर दिया है। उत्तरी कुंदुज प्रांत में एक पुलिस चौकी पर ये हमला किया गया है।
काबुल,एएपी। तालिबान ने एक बार फिर अफगानिस्तान में हमला कर दिया है। एक अफगान अधिकारी ने कहा कि तालिबान ने उत्तरी कुंदुज प्रांत में एक चौकी पर हमला किया है। इस हमले में कम से कम 15 पुलिसकर्मी मारे गए हैं।
हमले के बाद हुई गोलीबारी
प्रांतीय परिषद के सदस्य गुलाम रब्बानी ने मंगलवार को कहा कि अली अबाद जिले में सोमवार रात हुए हमले में दो अन्य पुलिस अधिकारी घायल हो गए। रबानी का कहना है कि हमले के बाद एक घंटे तक गोलीबारी भी की गई। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कुंदुज में हमले की जिम्मेदारी ली। कुंडुज में तालिबान की एक मजबूत उपस्थिति है और प्रांत के कई जिले में उसका अच्छा खासा नियंत्रण है।
पुलिस मुख्यालय में लगा दी थी आग
तालिबान लगातार अफगानिस्तान के अगल-अगल जिलों में हमले करता रहता है। हाल ही में अफगानिस्तान के बाल्ख प्रांत स्थित पुलिस मुख्यालय हमला किया था। इस हमले में 11 पुलिस अधिकारी मारे गए थे। खबरों के अनुसार, शोर्तेपा जिले के पुलिस मुख्यालय पर लगभग 400 तालिबानी आतंकियों ने पुलिस मुख्यालय पर हमला कर दिया था। इस दौरान आतंकियों ने कुछ पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया और फिर मुख्यालय में आग लगा दी।
सरकारी अधिकारियों को बनाया निशाना
हाल ही में तालिबान ने सरकारी अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस के अनुसार चराकर में कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने प्रांतीय अपीलीय अदालत के एक अभियोजक को गोली मार दी थी। जिसके बाद उसकी मौत हो गई। वहीं सरकार का समर्थन करने वाले एक मौलवी को भी गौली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। इससे पहले काबुल में तालिबान ने हमला करते हुए विस्फोट कर दिया था। ये विस्फोट काफी आत्मघाती था। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई थी। ये विस्फोट उस इलाके में हुआ था जहां सबसे ज्यादा सुरक्षा रहती है। ये हमला शस दरक इलाके में हुआ था।