विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पेरिस में आज होने वाले सभी विरोध-प्रदर्शनों पर पूरी तरह से प्रतिबंध, फ्रांसीसी सरकार ने जारी किया आदेश

Published: Thu, 22 Oct 2026 05:35 AM (IST)

फ्रांस की राजधानी पेरिस के कई हिस्सों में आज यानी गुरुवार को विरोध-प्रदर्शनों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया ...और पढ़ें

पेरिस में आज होने वाले सभी विरोध-प्रदर्शनों पर पूरी तरह से प्रतिबंध

पेरिस में आज होने वाले सभी विरोध-प्रदर्शनों पर पूरी तरह से प्रतिबंध

HighLights

  1. फ्रांसीसी सरकार आने वाले दिनों में प्रदर्शनों से निपटने के लिए खुद को तैयार कर रही है

  2. फ्रांस में भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी

डिजिटल डेस्क, पेरिस। फ्रांस की राजधानी पेरिस के कई हिस्सों में आज यानी गुरुवार को विरोध-प्रदर्शनों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।

पेरिस पुलिस ने बुधवार को इस फैसले की घोषणा की, क्योंकि फ्रांसीसी सरकार आने वाले दिनों में प्रदर्शनों की एक नई लहर से निपटने के लिए खुद को तैयार कर रही है।

पुलिस द्वारा लगाया गया यह प्रतिबंध सुबह 8:00 बजे से रात 8:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस पाबंदी के दायरे में फ्रांसीसी राजधानी के कई प्रमुख और संवेदनशील इलाके शामिल किए गए हैं, जिनमें एलिसी राष्ट्रपति महल और संसद के दोनों सदन शामिल हैं।

इसके अलावा पर्यटकों के प्रमुख आकर्षण केंद्र जैसे लूवर संग्रहालय और चैंप्स-एलिसीस जैसे क्षेत्रों में भी प्रदर्शन करने पर पूरी तरह से रोक रहेगी।

फ्रांस में भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी

फ्रांस में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शनों के हिंसक होने के बाद भारतीय दूतावास ने बुधवार को अपने नागरिकों के लिए यात्रा एवं सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की। इसमें फ्रांस में रह रहे और वहां यात्रा करने वाले भारतीयों को सतर्क रहने तथा प्रदर्शन वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

दूतावास ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि स्थानीय स्तर पर कर्फ्यू लगाए जाने और सड़क तथा सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में व्यवधान की आशंका को देखते हुए नागरिक फ्रांसीसी अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें।

यात्रियों को उड़ानों के समय में बदलाव की जानकारी के लिए अपनी एयरलाइंस या ट्रैवल एजेंसियों के संपर्क में रहने को भी कहा गया है।

दूतावास ने नागरिकों को स्थानीय समाचारों और आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी है। आपात स्थिति में पेरिस स्थित भारतीय दूतावास से +33 6 48 34 00 63 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।