89 साल की इमेल्डा मार्कोस को 42 साल की सजा
फिलीपींस में प्रथम महिला रहीं इमेल्डा मार्कोस को भ्रष्टाचार के धन से स्विट्जरलैंड में निजी फाउंडेशन स्थापित करने का दोषी पाया गया है।
मनीला, आइएएनएस। फिलीपींस में प्रथम महिला रहीं इमेल्डा मार्कोस को भ्रष्टाचार के मामलों की सुनवाई वाली अदालत ने 42 साल कैद की सजा सुनाई है। उन्हें भ्रष्टाचार के धन से स्विट्जरलैंड में निजी फाउंडेशन स्थापित करने का दोषी पाया गया है। यह आरोप भी सही पाया गया कि 1968 से 1986 तक प्रथम महिला रहने के दौरान इमेल्डा ने कई कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाकर उनसे भ्रष्ट तरीके से धन लिया।
सजा के एलान के समय इमेल्डा और उनके अधिवक्ता अदालत में मौजूद नहीं थे। शिन्हुआ न्यूज एजेंसी के मुताबिक सैंडीगनबयान की कोर्ट ने 89 वर्षीय इमेल्डा को अविलंब गिरफ्तार करने का भी आदेश दिया है। इमेल्डा फिलीपींस के पूर्व राष्ट्रपति फर्डिनांड मार्कोस की विधवा हैं।अपने पति के सत्ताकाल में इमेल्डा देश की मंत्री और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी रहीं। एक समय वह अपनी लक्जरी लाइफ स्टाइल के लिए दुनिया भर में जानी जाती थीं। उनके हजारों जोड़ी जूते और महंगी ज्वेलरी चर्चा का विषय थी।
इमेल्डा को अपने सख्त मिजाज के कारण आयरन बटरफ्लाई भी कहा जाता था। उन्हें भ्रष्टाचार के सात मामलों में छह से लेकर 11 साल तक की सजा हुई है। एक सजा पूरी होने पर दूसरी सजा की अवधि शुरू होगी। इस लिहाज से उन्हें 42 साल जेल में बिताने होंगे। इमेल्डा इस सजा के खिलाफ अपील भी कर सकती हैं।