श्रीलंका में ऑनलाइन जुआ रैकेट का भंडाफोड़, आठ भारतीय गिरफ्तार
श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में पुलिस ने अवैध ऑनलाइन जुआ रैकेट चलाने के आरोप में आठ भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है।

ऑनलाइन जुआ रैकेट चलाने के आरोप में आठ भारतीय गिरफ्तार। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
कोलंबो में अवैध ऑनलाइन जुआ रैकेट का खुलासा।
पुलिस ने आठ भारतीय नागरिकों को हिरासत में लिया।
छापेमारी में कंप्यूटर, मोबाइल फोन जब्त; जांच जारी।
डिजिटल डेस्क, कोलंबो। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के पास पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ऑनलाइन जुआ खेलाने और रैकेट चलाने के आरोप में आठ भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार को पुलिस द्वारा आधिकारिक रूप से साझा की गई जानकारी के बाद सामने आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोलंबो के उपनगरीय इलाके थलांगमा की पुलिस को थलावाथुगोडा क्षेत्र के एक घर में अवैध रूप से जुए का कारोबार संचालित होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार को उक्त घर पर छापा मारा।
8 भारतीय हिरासत में
छापेमारी के दौरान मौके से 22 से 51 वर्ष की आयु के बीच के आठ भारतीयों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मौके से कई कंप्यूटर और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल इस अवैध ऑनलाइन गतिविधि को अंजाम देने के लिए किया जा रहा था।
फिलहाल, श्रीलंकाई पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध रैकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और क्या इसमें कोई स्थानीय नेटवर्क भी शामिल था। इस गिरफ्तारी से दोनों देशों के बीच कानूनी और सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान इस प्रकार की गतिविधियों की ओर आकर्षित हुआ है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
