ट्यूनिशिया में भीषण बस दुर्घटना, 22 मरे और 21 घायल
राजधानी से निकली बस दुर्घटनाग्रस्त् हो गई और उसमें सवार 22 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्यूनिश, एएनआइ। देश के उत्तरी इलाके में पर्यटकों से भरी एक बस रविवार को भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। इसमें 22 लोगों की मौत हो गई और 21 घायल हैं। बस में कुल 43 लोग सवार थे। स्थानीय मीडिया के अनुसार, मृतकों की पहचान कर ली गई है और इनके शव बेजा प्रांत के अस्पताल में भर्ती है।
ट्यूनिशिया की राजधानी ट्यूनिश से यह बस एन सनौसी जा रही थी। देश के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने घटनास्थल का दौरा किया है। यह जानकारी देश के गृह मंत्रालय की ओर से दी गई। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर रक्तदान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
खाई में पलटी बस के परखच्चे उड़ गए। ‘स्वीट टाइम ट्रैवल’ नामक ट्रैवल एजेंसी की यह बस मलबे में तब्दील हो गई। प्राप्त खबर के अनुसार, वहां लगे बैरियर से टकराने के बाद बस खाई में गिर गई। फिलहाल जांच जारी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वर्ष 2015 में कहा था कि सड़क दुर्घटनाओं के मामले में उत्तरी अफ्रीका का ट्यूनिशिया दूसरा सबसे बड़ा देश है। ट्यूनिशिया के राष्ट्रपति कैस सईद व प्रधानमंत्री युसुफ चाहेद ने घटनास्थल का मुआयना किया। अप्रैल में सात महिला मजदूरों को ले जा रही पिकअप ट्रक दुर्घटनाग्रस्त् हो गई थी। मिनी वैन से टकराने में के बाद इस दुर्घटना में कुल 12 लोगों की मौत हुई थी।