यूक्रेन पर रूस का चौतरफा प्रहार: 73 मिसाइलों और 656 ड्रोनों से हमला, 18 लोगों की मौत; मची भारी तबाही
यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने 656 ड्रोन और 73 मिसाइलें दागीं, जिनमें आठ जिरकान हाइपरसोनिक मिसाइलें थीं। ...और पढ़ें

यूक्रेन के शहरों पर पर रूस के हमले में 18 लोगों की मौत (फोटो- AI Generated)
HighLights
यूक्रेन के शहरों पर पर रूस के हमले में 18 लोगों की मौत
रूस ने यूक्रेन पर दागीं 73 मिसाइलें, 656 ड्रोन से भी हमला
कीव था हमलों का मुख्य निशाना, 100 से अधिक घायल
रॉयटर, कीव। रूस ने मंगलवार तड़के यूक्रेन के शहरों पर सैकड़ों ड्रोन और दर्जनों मिसाइलों से हमला किया। इन हमलों में 18 लोग मारे गए और 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने 656 ड्रोन और 73 मिसाइलें दागीं, जिनमें आठ जिरकान हाइपरसोनिक मिसाइलें थीं। जिरकान मिसाइल की मारक क्षमता एक हजार किलोमीटर है। इसकी रफ्तार ध्वनि की गति से नौ गुना अधिक है। वायुसेना ने 40 मिसाइलों और 602 ड्रोनों को मार गिराया।
80 से अधिक लोग घायल
कीव के मेयर ने बताया कि राजधानी में रातभर चले हमलों में छह लोग मारे गए और तीन बच्चों सहित 80 से अधिक लोग घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि निप्रो में चार मंजिला अपार्टमेंट इमारत आंशिक रूप से नष्ट हो गई, जिसमें 12 लोग मारे गए। हमलों का मुख्य निशाना कीव था।
खार्कीव में हुए हमलों में 14 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने बयान में कहा, कीव के आतंकी कृत्यों के जवाब में रूसी संघ के सशस्त्र बलों ने लंबी दूरी के हवाई, जमीनी और समुद्री हथियारों का उपयोग कर बड़ा हमला किया।
रूस ने कीव, जपोरिजिया और खार्कीव सहित सात यूक्रेनी क्षेत्रों पर हमला करने के लिए हाइपरसोनिक मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल किया।
कीव में स्थित 10 सैन्य उत्पादन संयंत्रों को निशाना बनाया गया। नाटो सदस्य पोलैंड ने कहा कि उसने यूक्रेन पर रूसी हमलों के बाद अपने हवाई क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए सैन्य जेट विमानों को तैनात किया है। यूक्रेन ने भी रूस के कुछ इलाकों पर हमले किए हैं।
स्थानीय अधिकारियों ने टेलीग्राम पर बताया कि दक्षिणी रूस के क्रास्नोदार क्षेत्र में स्थित इल्स्की तेल रिफाइनरी में ड्रोन हमले के बाद आग लग गई। यूक्रेन की सेना ने हमले की पुष्टि की।
ड्रोन के हमले में एक बच्चा घायल
यूक्रेन सीमा से लगे बेलगोरेद क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन के हमले में एक बच्चा घायल हो गया। रूसी समाचार एजेंसियों ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि रूस ने रातभर में 148 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए।
जेलेंस्की ने किया पैट्रियट मिसाइल इंटरसेप्टर भेजने का आग्रह
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हमले के बाद कहा, यह बड़े पैमाने पर हमला है और रूस का स्पष्ट संदेश है, यदि यूक्रेन को मिसाइल हमलों से सुरक्षित नहीं किया जाता है, तो ये हमले जारी रहेंगे।
उन्होंने वाशिंगटन से अतिरिक्त पैट्रियट मिसाइल इंटरसेप्टर भेजने का फिर आग्रह किया। यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने साझेदारों से यूक्रेन की मदद करने और रूस पर दबाव डालने के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।
उन्होंने पोस्ट किया, मॉस्को युद्ध के मैदान में हार रहा है। मिसाइलों की कोई भी संख्या इसे नहीं बदल सकती। हम जो बदल सकते हैं वह है रूस की आतंक फैलाने की क्षमता।
