तुर्की में तख्तापलट की साजिश में शामिल 150 सैनिक गिरफ्तार
तुर्की का आरोप है कि गुलेन ने जुलाई, 2016 में एर्दोगन सरकार के तख्तापलट की कोशिश की थी। जिसे सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाकाम कर दिया था।
इस्तांबुल (रायटर)। तुर्की की पुलिस ने अमेरिका में रह रहे उपदेशक फतुल्ला गुलेन से संबंध के संदेह में 150 सैनिकों को गिरफ्तार किया है। तख्तापलट के आरोप में पहले ही 300 सैन्यकर्मियों पर इस्तांबुल कोर्ट में केस चल रहा है। इनमें से 211 सेना अधिकारी हैं।
तुर्की का आरोप है कि गुलेन ने जुलाई, 2016 में एर्दोगन सरकार के तख्तापलट की कोशिश की थी। जिसे सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाकाम कर दिया था। सरकार की व्यापक कार्रवाई में 250 लोगों की जान चली गई थी। गुलेन ने हालांकि तख्तापलट के आरोपों से इन्कार किया है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक गुरुवार को भी वायुसेना के 80 सेवारत अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया था।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तुर्की ने अभी तक एक लाख 60 हजार लोगों को गुलेन से संबंध के चलते गिरफ्तार किया है। इतनी ही संख्या में सरकारी कर्मियों को नौकरी से निकाला जा चुका है। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार संगठन ने इस साल मार्च में कहा था कि तुर्की ने पचास हजार से ज्यादा लोगों को जेल में डाल रखा है। सहयोगी देशों ने भी तुर्की के इस कदम की आलोचना की थी।