लेबनान में उथल-पुथल जारी: प्रदर्शनकारियों व पुलिस में झड़प, 140 घायल
लेबनान में 2019 से शुरू सरकार विरोधी प्रदर्शन 2020 में भी जारी है। इस क्रम में प्रदर्शनकारियों व पुलिस के बीच झड़प हो गई जिसमें 100 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
बेरुत, आइएएनएस। लेबनान (Lebanan) की राजधानी बेरुत (Beirut) में सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों व पुलिस के बीच झड़प में 140 लोग घायल हो गए। इसकी घोषणा सेक्रेटरी जनरल लेबनीज रेड क्रॉस जार्जेज केट्टानेह (Red Cross Georges Kettaneh) ने सोमवार को की।
केट्टानेह ने बताया कि 40 घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कर दिया गया। बाकियों को घटनास्थल पर ही इलाज मुहैया कराया गया। शिन्हुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार, घायलों में प्रदर्शनकारियों के साथ सुरक्षा बल के जवान भी हैं। रविवार को प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों पर पथराव किया जिन्होंने वहां भीड़ को हटाने के लिए पानी की बौछार की थी।
इस बीच लेबनान के राष्ट्रपति माइकल ओउन ने सोमवार को तुरंत सुरक्षा के मद्देनजर एक बैठक बुलाई। इस बैठक में रक्षा व गृह मंत्रालय को बुलाया गया। बेरूत के चौराहे पर शनिवार को प्रदर्शनकारियों के तंबुओं में आग लग गई। लोगों के बीच लेबनान में गहराता आर्थिक संकट मुख्य चिंता का विषय है।
उल्लेखनीय है कि नई सरकार के गठन में कोई प्रगति नहीं है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि इसमें स्वतंत्र विशेषज्ञों को शामिल किया जाए। सुरक्षा बलों ने ट्वीट किया, ‘संसद के पास दंगा रोधी पुलिस के साथ झड़प ने हिंसक रूप ले लिया है। हम शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील करते हैं। हमारी अपील है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए दंगे वाले स्थान से दूर रहें।’
लेबनान में मुख्य राजनीतिक दलों और धार्मिक संप्रदाय के बीच तालमेल बनाना जटिल है इसलिए कैबिनेट का गठन मुश्किल प्रक्रिया है। पश्चिम एशियाई देश में वाट्सएप कॉल पर टैक्स और भ्रष्टाचार को लेकर 17 अक्टूबर 2019 से देश भर में प्रदर्शन जारी है। इसके कारण 29 अक्टूबर को प्रधानमंत्री साद हरीरी को अपने पद से इस्तीफा भी देना पड़ा था।
यह भी पढ़ें: लेबनान में फिर सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी, राजधानी बेरुत समेत कई शहरों का चक्का जाम